• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi police news click case update
Written By
Last Modified: गुरुवार, 5 अक्टूबर 2023 (11:14 IST)

मुश्किल में न्यूजक्लिक के प्रबीर पुरकायस्थ, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

prabir purkayasth
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि समाचार पोर्टल न्यूजक्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ ने साजिश रची थी ताकि कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश के विवादित क्षेत्र होने का विमर्श पैदा किया जा सके।
 
पुरकायस्थ और पोर्टल के मानव संसाधन (HR) प्रमुख अमित चक्रवर्ती को न्यूजक्लिक पोर्टल पर चीन समर्थित प्रचार के लिए धन प्राप्त करने के आरोप में आतंकवाद विरोधी कानून के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था।
 
दिल्ली पुलिस ने रिमांड आवेदन में कहा कि गुप्त सूचना से पता चला है कि पुरकायस्थ, नेविल रॉय सिंघम और सिंघम के स्वामित्व वाली शंघाई स्थित कंपनी के कुछ अन्य चीनी कर्मचारियों ने एक-दूसरे को ईमेल भेजे हैं, जो कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा नहीं दिखाने के उनके इरादे को उजागर करता है।
 
आवेदन में कहा गया कि इन लोगों के इस तरह के प्रयासों से वैश्विक और घरेलू स्तर पर एक विमर्श पैदा करने की उनकी साजिश का पता चलता है कि कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश विवादित क्षेत्र हैं। भारत की उत्तरी सीमाओं के साथ छेड़छाड़ करने और मानचित्रों में कश्मीर एवं अरुणाचल प्रदेश को भारत के हिस्से के रूप में नहीं दिखाने का उनका प्रयास भारत की एकता और क्षेत्रीय अखंडता को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया कृत्य है।
 
पुलिस ने बताया कि इसमें यह भी पता चला कि न्यूजक्लिक के शेयरधारक गौतम नवलखा भारत विरोधी और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उसने कहा कि यह भी पता चला है कि पुरकायस्थ और उसके सहयोगियों ने विदेशी कोष में हेराफेरी की है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 383 अंक तक चढ़ा, 2 दिन की गिरावट के बाद बनाई बढ़त