गैंगस्टर दीपक 'बॉक्सर' मेक्सिको में गिरफ्तार, आज लाया जाएगा दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने संघीय जांच ब्यूरो (FBI) की मदद से, गैंगस्टर दीपक बॉक्सर को मैक्सिको में गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर पिछले 5 वर्षों में हत्या और जबरन वसूली सहित 10 सनसनीखेज मामलों में भारत में वांछित है। उसे तुर्की लाया जा चुका है और बुधवार को उसके दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एचजीएस धालीवाल ने बताया कि गैंगस्टर ने अमेरिका के रास्ते मैक्सिको पहुंचने के लिए कई रास्ते अपनाए। लेकिन वह पुलिस के जाल में फंस गया। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार था जब दिल्ली पुलिस ने किसी गैंगस्टर को देश के बाहर किसी अभियान में गिरफ्तार किया हो।
दिल्ली में रोहिणी अदालत परिसर में बदमाश जितेंद्र मान उर्फ गोगी की हत्या के बाद दीपक, गोगी गिरोह चला रहा था। दो हमलावरों ने 24 सितंबर 2021 को गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारे गए थे। पुलिस ने दीपक की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने पर तीन लाख रुपये की इनाम की घोषणा की थी।दिल्ली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी!
— Delhi Police (@DelhiPolice) April 4, 2023
दिल्ली पुलिस की @CellDelhi ने FBI की मदद से मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर दीपक बॉक्सर को मेक्सिको से गिरफ्तार किया, जो फर्जी पासपोर्ट पर भागा था। दिल्ली पुलिस ने देश से बाहर पहली बार किसी गैंगस्टर को पकड़ा है, उसे दिल्ली लाया जा रहा है।#DPUpdates pic.twitter.com/XfYbEa3QgU
दीपक बिल्डर अमित गुप्ता की हत्या के सिलसिले में वांछित था, जिसकी पिछले साल 23 अगस्त को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोगी-दीपक बॉक्सर गिरोह के शार्पशूटर अंकित गुलिया ने कथित तौर पर गुप्ता की हत्या की थी।

