रविवार, 28 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Cold wave hit most parts of North India
Written By
Last Updated : गुरुवार, 24 दिसंबर 2020 (00:24 IST)

Weather Alert : उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से शीतलहर की चपेट में, जानिए क्या रहेगा मौसम का हाल

Weather Alert : उत्तर भारत के अधिकतर हिस्से शीतलहर की चपेट में, जानिए क्या रहेगा मौसम का हाल - Cold wave hit most parts of North India
नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में बुधवार को कड़ाके सर्दी जारी रही एवं कोहरा भी छाया रहा, वहीं कश्मीर और हिमाचल के ज्यादातर इलाकों में पारा 0 से नीचे दर्ज किया गया। पंजाब, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और बिहार में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। ओडिशा लगातार तीसरे दिन भी शीतलहर की चपेट में रहा जबकि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।
कश्मीर घाटी में मौसम शुष्क और सर्द : कश्मीर के अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि समूची घाटी में मौसम शुष्क और सर्द रहा। रात का पारा 0 से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 25 दिसंबर तक सर्द और शुष्क मौसम का अनुमान जताया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
दिल्ली में छाया मध्यम कोहरा : उधर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा। आईएमडी के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम रहते हुए 4 डिग्री सेल्सयस दर्ज किया गया, वहीं लोधी रोड मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल, हरियाणा और पंजाब में ठंड का प्रकोप : हिमाचल प्रदेश के आदिवासी जिले लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग प्रदेश में सबसे सर्द इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0 से 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0 से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा और पंजाब में बुधवार को ठंड का प्रकोप जारी रहा और हिसार, आदमपुर तथा लुधियाना में पारा लुढ़ककर 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे ही दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री : पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस और लुधियाना में 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 4.1 डिग्री सेल्सियस, हलवारा में 4.3 डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 3.4 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 3.2 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 4.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
राजस्थान में सर्दी का प्रकोप जारी : राजस्थान में सर्दी का प्रकोप जारी है और राज्य में सीकर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां बीती मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पिलानी में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह चुरू में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 5.7 डिग्री सेल्सियस और गंगानगर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी जयपुर में रात का तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ओडिशा में कंधमाल जिले का फुलबानी में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। यह राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
किसान संगठन बोले- सरकार के साथ बातचीत को तैयार, पर 'प्रेम पत्रों' की बजाय भेजे ठोस प्रस्ताव