शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP attacks Rahul Gandhi
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 7 मार्च 2019 (14:45 IST)

भाजपा का पलटवार, क्या राहुल गांधी को सेना से ज्यादा पाकिस्तान पर भरोसा है

भाजपा का पलटवार, क्या राहुल गांधी को सेना से ज्यादा पाकिस्तान पर भरोसा है - BJP attacks Rahul Gandhi
नई दिल्ली। राफेल मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने गुरुवार को सवाल किया कि कांग्रेस अध्यक्ष को वायु सेना और कैग पर भरोसा नहीं है, तो क्या उन्हें पाकिस्तान के सर्टिफिकेट की जरूरत है?
 
भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वह इस मामले (राफेल) में राहुल गांधी के झूठ की निंदा करते हैं। उन्हें भारतीय वायुसेना पर भरोसा नहीं है, कैग और उच्चतम न्यायालय पर भरोसा नहीं है। 
 
इससे पूर्व, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल विमान सौदे से जुड़े दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से चोरी होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और दावा किया कि यह स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार का मामला है और इसके लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई होनी चाहिए।
 
कांग्रेस नेता ने यह सवाल भी किया कि अगर प्रधानमंत्री मोदी पाक साफ हैं तो जांच से क्यों भाग रहे हैं? गांधी ने संवाददाताओं से कहा, 'एक नई लाइन सामने आई है-गायब हो गया। दो करोड़ रोजगार गायब हो गया। किसानों के बीमा का पैसा गायब हो गया। 15 लाख रुपया गायब हो गया। अब राफेल की फाइलें गायब हो गईं।'
 
उन्होंने दावा किया, 'कोशिश यह कि जा रही है कि किसी भी तरह से नरेंद्र मोदी का बचाव करना है। सरकार का एक ही काम है कि चौकीदार का बचाव करना है।' इसी के जवाब में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को उच्चतम न्यायालय पर विश्वास नहीं है जिसके फैसले में कहा गया है कि इसकी (राफेल) खरीद प्रक्रिया में किसी तरह का वाणिज्यिक अनुचित व्यवहार नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल किया, 'क्या वह पाकिस्तान पर भरोसा करना चाहते हैं?' 
 
प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष भारत के सशस्त्र बलों और नेताओं की अपेक्षा पाकिस्तान पर अधिक विश्वास करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्या राहुल गांधी को राफेल के बारे में पाकिस्तान के प्रमाणपत्र की जरूरत है लेकिन इसमें हम उनकी कोई मदद नहीं कर सकते। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
इंदिरा गांधी : गूंगी गुड़िया से भारत की लौह महिला तक