दिल्ली चुनाव : वोटर्स पर भाजपा और AAP में क्यों मचा घमासान?
Delhi Polls : दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के नाम कटवाने और जोड़ने के मामले में आप आदमी पार्टी और भाजपा में सियासी घमासान मच गया। भाजपा ने आप पर रोहिंग्या के नाम फर्जी तरह से वोटिंग लिस्ट में जुड़वाने का आरोप लगाया तो आप संयोजक केजरीवाल ने दावा किया कि 12 फीसदी वोट इधर उधर किए जा रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए भाजपा हर हथकंडा आजमा रही है। भाजपा ने वोट काटने के लिए आवेदन दिए। चुनाव के नाम पर खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा सीट पर भाजपा ने नाम काटने के लिए 5 हजार आवेदन दिए। साथ ही 7500 नाम जोड़ने का भी आवेदन दिया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के लिए भाजपा के पास कोई विजन नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा बेईमानी से चुनाव लड़कर किसी भी तरह से चुनाव जीतना चाहती है लेकिन दिल्ली की जनता ऐसा नहीं होने देगी। हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उन्होंने जो हथकंडे अपनाए थे - हम उन्हें उस हथकंडे का इस्तेमाल करके यहां जीतने नहीं देंगे।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली के जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखा। पत्र में लिखा है कि मैं आपको तत्काल यह बताने के लिए लिख रहा हूं कि पिछले कुछ दिनों में नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के लिए आवेदनों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इधर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए केजरीवाल दिल्ली में फर्जी वोटों का खेल-खेल रहे हैं।
दिल्ली भाजपा ने भी एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि केजरीवाल अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स समझने लगे हैं और अब इन्हें यह भी समझ आ गया कि हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा की प्रतीक यमुना जी को साफ करने से AAP को वोट नहीं मिलेगा। गजब धूर्त आदमी है!
केजरीवाल अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स समझने लगे हैं और अब इन्हें यह भी समझ आ गया कि हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा की प्रतीक यमुना जी को साफ करने से AAP को वोट नहीं मिलेगा।
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) December 29, 2024
गजब धूर्त आदमी है! pic.twitter.com/RalO9QCWC3
बहरहाल दिल्ली चुनाव में वोटर्स का नाम कटवाने और जुड़वाने के खेल में दोनों ही दलों में होड़ दिखाई दे रही है। आने वाले समय में इस पर दिल्ली की सियासत और गरमाती नजर आ रही है।
edited by : Nrapendra Gupta

