सम्बंधित जानकारी
- अजेय प्रताप : क्यों 'हल्दीघाटी और घास की रोटी' से कहीं बड़ा है महाराणा प्रताप का इतिहास?
- श्री श्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग के प्रयासों से भारत के सॉफ्ट पावर को मिली नई ऊर्जा
- मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया वेबदुनिया के इमर्सिव पेज का लोकार्पण
- दान की गणना पर चंपत राय ने उठाए सवाल! आखिर किस पर साधा निशाना
- LIVE: भारी बारिश से दिल्ली की पानी-पानी, रोहिणी में इमारत गिरने से 4 की मौत
अयोध्या आहत है… रामलला के घर 'लूट' ने आस्था को घायल किया, सरयू किनारे गूंज रहा एक ही सवाल— 'अब न्याय कब?'
अयोध्या से संदीपसिंह सिसोदिया की ग्राउंड रिपोर्ट
"परहित सरिस धरम नहिं भाई। पर पीड़ा सम नहिं अधमाई॥"
गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस में लिखी यह चौपाई केवल धर्म का उपदेश नहीं, बल्कि सत्ता, समाज और व्यवस्था—तीनों के लिए मर्यादा का संदेश भी है। परहित सबसे बड़ा धर्म है और किसी की आस्था को पीड़ा देना सबसे बड़ा अधर्म। आज अयोध्या की गलियों में यही भाव बिना किसी प्रवचन के लोगों की बातचीत में सुनाई देता है।
रामलला के दरबार में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान में चोरी का मामला केवल एक आपराधिक जांच भर नहीं रह गया है। इसने करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और मर्यादा पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। मामला अभी अदालत और जांच एजेंसियों के अधीन है, लेकिन अयोध्या की गलियों में इसकी सुनवाई भावनाओं की अदालत में पहले ही शुरू हो चुकी है।
"राम को क्या देंगे? हमारे पास तो केवल विश्वास है…"
अयोध्या में एक दिन बिताने के बाद सबसे पहले जो बात समझ आती है, वह यह कि यहां लोगों का गुस्सा राजनीतिक कम और भावनात्मक अधिक है। हनुमानगढ़ी के आसपास रिक्शा चलाने वाले एक बुजुर्ग कहते हैं—
"रामजी को हम क्या दे सकते हैं? पैसा नहीं, सोना नहीं… सिर्फ अपनी श्रद्धा और विश्वास। अगर उसी पर चोट होगी तो दुख तो होगा ही।"
उनकी आंखों में गुस्सा कम और पीड़ा अधिक दिखाई देती है। ऐसा लगता है मानो पूरा शहर यही वाक्य दोहरा रहा हो।
दुकानदारों की चिंता : श्रद्धालु कम हुए तो बाजार भी सूना
रामपथ पर प्रसाद की दुकानें खुली हैं। अगरबत्ती की खुशबू पहले जैसी है। फूल-मालाओं से सजी दुकानें भी वैसी ही हैं, लेकिन कई दुकानदारों के चेहरों पर पहले जैसी सहज मुस्कान नहीं दिखती।
राम मंदिर परिसर के आसपास प्रसाद, फूल-माला और धार्मिक वस्तुओं की दुकानें चलाने वाले कई व्यापारियों की शिकायत लगभग एक जैसी है।
उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार चल रही खबरों और आरोपों के बाद श्रद्धालु असहज महसूस कर रहे हैं। कुछ दुकानदार दावा करते हैं कि पिछले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी महसूस हुई है, जिसका सीधा असर उनकी रोजी-रोटी पर पड़ा है।
हालांकि श्रद्धालुओं की संख्या में कमी के आधिकारिक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन स्थानीय कारोबारियों का अनुभव बताता है कि विवाद का आर्थिक असर अब बाजार तक महसूस होने लगा है।
"गलती किसी की हो, बदनाम पूरी अयोध्या क्यों?"
अयोध्यावासियों की एक और पीड़ा है, जो लगभग हर बातचीत में सामने आती है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर कई लोग पूरी अयोध्या को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, जबकि कथित आरोप कुछ व्यक्तियों पर हैं।
एक स्थानीय निवासी पूछते हैं— "अगर किसी व्यक्ति ने गलती की है तो बदनाम पूरी अयोध्या क्यों हो रही है? अयोध्या तो राम की नगरी है। यहां के लोगों की नीयत पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं?" यह सवाल केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि अनेक स्थानीय लोगों की भावना बन चुका है।
स्थानीय स्तर पर कई लोग ट्रस्ट के पदाधिकारियों, विशेषकर चंपत राय का नाम लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हैं और गंभीर आरोप लगाते हैं। हालांकि इन आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण जांच एजेंसियां और न्यायालय ही करेंगे।
इसी बातचीत के बीच एक राजनीतिक संदेश भी बार-बार सुनाई देता है। यह किसी मंच से दिया गया भाषण नहीं, बल्कि चाय की दुकानों, रिक्शों और गलियों में चल रही चर्चाओं का निष्कर्ष है। कई स्थानीय लोग कहते हैं, "अगर रामनाम पर लूट करने वालों को सजा नहीं मिली, तो रामनाम पर वोट मांगने वालों के लिए जनता के बीच लौटना आसान नहीं होगा।"
अयोध्या में यह वाक्य किसी राजनीतिक नारे की तरह नहीं, बल्कि आस्था और जवाबदेही के बीच खिंची उस महीन रेखा की तरह सुनाई देता है, जिसे पार करने की कीमत सत्ता को भी चुकानी पड़ सकती है।
पुलिस की जुबान पर भी एक भरोसा
मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था में लगे कुछ पुलिस अधिकारियों से बातचीत में भी भरोसे का स्वर सुनाई देता है। एक अधिकारी ने औपचारिक बयान देने से बचते हुए इतना ही कहा— "अगर आरोपियों की रिमांड मिलती है तो पूरी सच्चाई सामने आएगी। कानून अपना काम करेगा।"
उनकी बातों से स्पष्ट था कि जांच अभी अधूरी है और कई परतें खुलना बाकी हैं।
आस्था बनाम आरोप
तुलसीदास ने रामचरितमानस में लिखा है—
"रघुकुल रीति सदा चली आई। प्राण जाए पर वचन न जाई।।"
मर्यादा, विश्वास और वचन—यही राम की पहचान हैं।
राम मंदिर केवल पत्थरों का भव्य निर्माण नहीं है। यह करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां चढ़ाया गया प्रत्येक रुपया किसी आर्थिक लेन-देन का हिस्सा नहीं, बल्कि विश्वास का प्रतीक है। इसलिए कथित चढ़ावा चोरी का मामला केवल वित्तीय अनियमितता का आरोप नहीं बनता, बल्कि लोगों की भावनाओं को भी गहराई से प्रभावित करता है।
जब मैं रामलला के सामने खड़ा था…
दिन भर अयोध्या की गलियों में घूमने, लोगों से बात करने और उनके मन का दर्द सुनने के बाद शाम को मैं भी रामलला के दर्शन के लिए कतार में खड़ा था।
घंटियों की आवाज़, "जय श्रीराम" के उद्घोष और धीरे-धीरे आगे बढ़ती कतारों के बीच जैसे सारी दुनियावी बहसें पीछे छूट गईं।
उस क्षण न मुझे कथित चढ़ावा चोरी का विवाद याद रहा, न एफआईआर, न जांच, न आरोप और न राजनीति। मंदिर की चौखट पार करते ही जैसे सारी बहसें बाहर ही रह गई थीं। वहां केवल दो ही अस्तित्व थे—राम और उनका भक्त। कुछ क्षणों के लिए राम मेरे थे और मैं राम का।
दर्शन के बाद बाहर निकला तो लगा, शायद यही अनुभव उन हजारों श्रद्धालुओं का भी है जो देश के अलग-अलग कोनों से यहां आते हैं। वे किसी ट्रस्ट, किसी व्यवस्था या किसी व्यक्ति के दर्शन करने नहीं आते। वे उस आदर्श के सामने सिर झुकाने आते हैं जिसने मर्यादा को जीवन का सबसे बड़ा धर्म बनाया।
शायद यही कारण है कि यह विवाद अयोध्या और रामभक्तों को भीतर तक आहत करता है। यहां चर्चा किसी तिजोरी की नहीं, आस्था पर लगी चोट की है।
राम की सीख, समय की कसौटी
श्रीराम ने अपने जीवन से सिखाया कि सत्ता से बड़ा धर्म है, विजय से बड़ी मर्यादा है और अधिकार से बड़ा उत्तरदायित्व।
इतिहास गवाह है कि रावण से लेकर अनेक आक्रांताओं ने इस सभ्यता की आत्मा को चुनौती दी। मंदिर टूटे, साम्राज्य बदले, आक्रमण हुए, उपहास हुआ, लेकिन आस्था का दीप नहीं बुझा। सनातन की शक्ति किसी भवन, किसी सिंहासन या किसी पद में नहीं, बल्कि उस विश्वास में रही है जिसे करोड़ों लोगों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी अपने भीतर जीवित रखा।
आज भी प्रश्न वही है। यदि किसी व्यक्ति ने अपराध किया है तो उसे दंड मिलना ही चाहिए, क्योंकि न्याय ही रामराज्य की पहली शर्त है। लेकिन इस प्रक्रिया में अयोध्या, उसके निवासियों और करोड़ों श्रद्धालुओं की निष्ठा को कठघरे में खड़ा कर देना भी उतना ही अन्याय होगा।
अयोध्या किसका इंतजार कर रही है?
सरयू आज भी शांत बह रही है। रामलला की आरती पहले की तरह हो रही है। "जय श्रीराम" का उद्घोष भी उतना ही बुलंद है।
लेकिन इन सबके बीच अयोध्या जैसे एक ही बात कहती सुनाई देती है—
"राम नाराज़ न हों। क्योंकि राम जब न्याय करते हैं तो केवल अपराध नहीं देखते, मर्यादा भी देखते हैं।"
रामचरितमानस में कहा भी है- विनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीति। बोले राम सकोप तब, भय बिनु होइ न प्रीति।।
जब लौटते समय मैंने एक बार फिर मंदिर के शिखर की ओर देखा, तो लगा कि रामलला आज भी उतने ही शांत हैं। उन्हें अपने वैभव की चिंता नहीं, अपने भक्तों के विश्वास की है।
अयोध्यावासी किसी राजनीतिक जीत या हार की प्रतीक्षा नहीं कर रहे। उनकी अपेक्षा केवल इतनी है कि यदि कहीं अपराध हुआ है तो निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को दंड मिले और रामलला के नाम पर उठे हर संदेह का पारदर्शी समाधान सामने आए।
अयोध्या आज नाराज़ कम, आहत अधिक है। वह केवल इतना चाहती है कि राम के नाम पर चढ़ाया गया विश्वास, राम की मर्यादा के अनुरूप सुरक्षित रहे।
क्योंकि इस नगरी में लोग मानते हैं—धन की चोरी की भरपाई हो सकती है, लेकिन आस्था पर लगी चोट का हिसाब केवल अदालत नहीं, इतिहास भी लिखता है।
