छोटे बेटे अबान की मौत के बाद क्या सामने आएगी शाइस्ता? 2023 से फरार है माफिया अतीक अहमद की पत्नी
death of Aban Ahmed son of Atiq Ahmed: प्रयागराज में कभी जिसकी तूती बोलती थी, उस पूर्व सांसद और माफिया अतीक अहमद के कुनबे पर कानून और किस्मत की दोहरी मार पड़ रही है। जिस झांसी जिले में अप्रैल 2023 में अतीक के एनकाउंटर में मारे गए बेटे असद की सांसें थमी थीं, उसी झांसी में अब उसके छोटे बेटे अबान की भीषण सड़क दुर्घटना में जान चली गई है। इस घटना के बाद 50 हजार की इनामी और लंबे समय से फरार चल रही अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के बाहर आने की अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं।
इस तरह मारा गया अतीक अहमद
उत्तर प्रदेश के सियासी और आपराधिक इतिहास में दशकों तक खौफ का पर्याय रहे माफिया अतीक अहमद का साम्राज्य जितनी तेजी से खड़ा हुआ था, उतनी ही तेजी से ध्वस्त भी हो गया। 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में मेडिकल जांच के दौरान पुलिस हिरासत में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लेकिन अतीक की मौत के बाद भी उसके परिवार पर मुसीबतों का सिलसिला थमा नहीं है। ताजा मामला झांसी का है, जहां अतीक के छोटे बेटे अबान की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। ALSO READ: अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत, झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था
जानकारी के अनुसार, हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में खिल्ली गांव के पास कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर हुआ। कानपुर से झांसी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें से एक की शिनाख्त अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान के रूप में हुई। पुलिस बाकी घायलों और मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में हुए बहुचर्चित उमेश पाल (राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह) हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में माफियाओं को 'मिट्टी में मिलाने' का संकल्प व्यक्त किया था।इसके तुरंत बाद एक्शन में आई यूपी पुलिस और एसटीएफ ने उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में अतीक का तीसरे नंबर का बेटा असद गोलियां चलाते दिखा था। 13 अप्रैल 2023 को एसटीएफ ने झांसी के परीक्षा डैम के पास असद और उसके साथी गुलाम को एनकाउंटर में मार गिराया था। अब ठीक उसी झांसी जिले में छोटे बेटे अबान की भी जान चली गई है।
अतीक के साम्राज्य का पतन
अतीक अहमद का नाम 1980 के दशक में प्रयागराज (तब इलाहाबाद) के जरायम की दुनिया में उभरा। चांद बाबा की हत्या के बाद 1989 में अतीक ने पहली बार शहर पश्चिमी सीट से निर्दलीय विधायक का चुनाव जीता। इसके बाद वह लगातार 5 बार विधायक और 2004 में फूलपुर से सांसद बना। 2004 में अतीक के सांसद बनने के बाद खाली हुई शहर पश्चिमी सीट पर बसपा के राजू पाल ने अतीक के भाई अशरफ को हरा दिया। इसके बाद जनवरी 2005 में राजू पाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
इसके बाद राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में घर के बाहर हत्या कर दी गई, जिसके बाद योगी सरकार ने अतीक के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। अतीक और उसके परिवार पर हत्या, रंगदारी, अपहरण और भूमि कब्जे के 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। सरकार द्वारा उसकी 1000 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त या ध्वस्त की जा चुकी है।
दो बेटों की मौत, दो जेल में, एक बाहर
अतीक अहमद की मौत के बाद उसका पूरा परिवार तितर-बितर हो चुका है। अतीक का सबसे बड़ा बेटा उमर अहमद रंगदारी और अपहरण के मामले में लखनऊ जेल में बंद है, जबकि दूसरे नंबर का अली अहमद रंगदारी मामले में झांसी जेल की सलाखों के पीछे है। तीसरे बेटे असद अहमद की झांसी एनकाउंटर में मौत हो गई, जबकि चौथा अहजम अहमद बाल सुधार गृह से रिहा होने के बाद फिलहाल जेल से बाहर है। सबसे छोटे बेटे अबान की 6 अगस्त को झांसी के पास सड़क हादसे में मौत हो गई।
क्या सरेंडर करेगी शाइस्ता परवीन?
पति अतीक अहमद और बेटे असद की मौत के समय भी पुलिस को चकमा देकर फरार रही 50 हजार की इनामी शाइस्ता परवीन अब तक सामने नहीं आई है। अतीक के जनाजे में भी वह मिट्टी देने नहीं पहुंची थी। अब सबसे छोटे बेटे अबान की मौत के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या बेटे की मौत बाद मां शाइस्ता अंतिम दर्शन के लिए पहुंचेगी। हालांकि यूपी पुलिस और खुफिया एजेंसियां शाइस्ता की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट पर हैं।

