दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के 71% मंत्रियों पर आपराधिक मामले, 2 मंत्री अरबपति
71 percent ministers have criminal cases in Delhi: चुनाव अधिकार निकाय एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स(एडीआर) के अनुसार, दिल्ली में शपथ लेने वाले सात मंत्रियों में से 5 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि दो अरबपति हैं। एडीआर की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। यह निष्कर्ष 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मंत्रियों द्वारा प्रस्तुत स्व-शपथ हलफनामों पर आधारित है। एडीआर के विश्लेषण के अनुसार, सात में से पांच मंत्रियों (71 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि दो मंत्री (29 प्रतिशत) अरबपति हैं।
ALSO READ: शीशमहल में नहीं रहेंगी दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
सबसे अधिक संपत्ति सिरसा के पास : रिपोर्ट में बताया गया है कि पांच मंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। इनमें से एक मंत्री आशीष सूद पर गंभीर आपराधिक आरोप हैं। एडीआर ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री गुप्ता और मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह को छोड़कर सभी पांच मंत्रियों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। आर्थिक लिहाज से कैबिनेट के दो मंत्री अरबपति हैं। सबसे अधिक घोषित कुल संपत्ति वाले मंत्री राजौरी गार्डन निर्वाचन क्षेत्र से मनजिंदर सिंह सिरसा हैं, जिनकी संपत्ति 248.85 करोड़ रुपए है।
ALSO READ: रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री, 4 CM दावेदारों समेत 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
प्रवेश वर्मा पर सबसे ज्यादा कर्ज : रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे कम घोषित कुल संपत्ति वाले मंत्री करावल नगर निर्वाचन क्षेत्र से कपिल मिश्रा हैं, जिनकी संपत्ति 1.06 करोड़ रुपए है। इसमें कहा गया है कि जिन सात मंत्रियों का विश्लेषण किया गया उनकी औसत संपत्ति 56.03 करोड़ रुपए है। सभी सात मंत्रियों ने देनदारियों की घोषणा की है, जिनमें नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित प्रवेश साहिब सिंह पर सबसे अधिक 74.36 करोड़ रुपए की देनदारियां हैं।
ALSO READ: दिल्ली में भाजपा का रेखा गुप्ता राज, क्या हैं नई सरकार के सामने चुनौतियां?
रिपार्ट के अनुसार, छह मंत्रियों (86 प्रतिशत) ने स्नातक स्तर या उससे ऊपर की शैक्षिक योग्यता घोषित की है, जबकि एक मंत्री ने केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। उम्र के मामले में पांच मंत्री (71 प्रतिशत) 41 से 50 वर्ष के हैं, जबकि शेष दो (29 प्रतिशत) मंत्रियों की उम्र 51 से 60 वर्ष के बीच है। मंत्रिमंडल में केवल एक महिला मंत्री है, जो खुद मुख्यमंत्री हैं। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala