गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. सनातन धर्म
  3. महाभारत
  4. शकुनि मामा के 7 रहस्य, 3 खतरनाक चालों के साथ

शकुनि मामा के 7 रहस्य, 3 खतरनाक चालों के साथ

Shakuni mama
महाभारत की गाथा में कौरवों के मामाश्री शकुनि को अपनी कुटिल बुद्धि के लिए विख्‍यात माना जाता है। छल, कपट और दुष्कृत्यों में माहिर शकुनि ने युद्ध तक पांडवों के विनाश के लिए कई चालें चली। कहते हैं कि इन्हीं चालों के कारण पांडवों के जीवन में उथल पुथल रही और अंतत: युद्ध की नौबत आ गई। आओ जानते हैं शकुनी मामा के 7 रहस्य 3 चालों के साथ।
 
 
7 रहस्य
1. शकुनि के मात पिता : शकुनि गांधार नरेश राजा सुबाल के पुत्र थे। शकुनि का जन्म गांधार के राजा सुबाल के राजप्रासाद में हुआ था। वह माता गांधारी का छोटा भाई था। वह जन्म से ही विलक्षण बुद्धि का स्वामी था अतः राजा सुबाल को अत्यंत प्रिय था।
 
2. जेल में शकुनि : किवदंति अनुसार ऐसा माना जाता है कि गांधारी का विवाह धृतराष्ट्र से करने से पहले ज्योतिषियों ने सलाह दी कि गांधारी के पहले विवाह पर संकट है अत: इसका पहला विवाह किसी ओर से कर दीजिए, फिर धृतराष्ट्र से करें। इसके लिए ज्योतिषियों के कहने पर गांधारी का विवाह एक बकरे से करवाया गया था। बाद में उस बकरे की बलि दे दी गई। कहा जाता है कि गांधारी को किसी प्रकार के प्रकोप से मुक्त करवाने के लिए ही ज्योतिषियों ने यह सुझाव दिया था। इस कारणवश गांधारी प्रतीक रूप में विधवा मान ली गईं और बाद में उनका विवाह धृतराष्ट्र से कर दिया गया।
 
 
गांधारी एक विधवा थीं, यह सच्चाई बहुत समय तक कौरव पक्ष को पता नहीं चली। यह बात जब महाराज धृतराष्ट्र को पता चली तो वे बहुत क्रोधित हो उठे। उन्होंने समझा कि गांधारी का पहले किसी से विवाह हुआ था और वह न मालूम किस कारण मारा गया। धृतराष्ट्र के मन में इसको लेकर दुख उत्पन्न हुआ और उन्होंने इसका दोषी गांधारी के पिता राजा सुबाल को माना। धृतराष्ट्र ने गांधारी के पिता राजा सुबाल को पूरे परिवार सहित कारागार में डाल दिया।
 
 
कारागार में उन्हें खाने के लिए केवल एक व्यक्ति का भोजन दिया जाता था। केवल एक व्यक्ति के भोजन से भला सभी का पेट कैसे भरता? यह पूरे परिवार को भूखे मार देने की साजिश थी। राजा सुबाल ने यह निर्णय लिया कि वह यह भोजन केवल उनके सबसे छोटे पुत्र को ही दिया जाए ताकि उनके परिवार में से कोई तो जीवित बच सके। और वह था शकुनि। यह भी कहा जाता है कि विवाह के समय गांधारी के साथ उनका भाई शकुनि और आयु में बड़ी उनकी एक सखी हस्तिनापुर आई थीं और दोनों ही यहीं रह गए थे।
 
 
3. जेल से मुक्त हुआ शकुनि : एक-एक करके सुबाल के सभी पुत्र मरने लगे। सब लोग अपने हिस्से का चावल शकुनि को देते थे ताकि वह जीवित रहकर कौरवों का नाश कर सके। सुबाल ने अपने सबसे छोटे बेटे शकुनि को प्रतिशोध के लिए तैयार किया। मृत्यु से पहले सुबाल ने धृतराष्ट्र से शकुनि को छोड़ने की विनती की, जो धृतराष्ट्र ने मान ली थी। राजा सुबाल के सबसे छोटे पुत्र कोई और नहीं, बल्कि शकुनि ही थे। शकुनि ने अपनी आंखों के सामने अपने परिवार का अंत होते हुए देखा और अंत में शकुनि जिंदा बच गए।
 
 
जब कौरवों में वरिष्ठ युवराज दुर्योधन ने यह देखा कि केवल शकुनि ही जीवित बचे हैं तो उन्होंने पिता की आज्ञा से उसे क्षमा करते हुए अपने देश वापस लौट जाने या फिर हस्तिनापुर में ही रहकर अपना राज देखने को कहा। शकुनि ने हस्तिनापुर में रुकने का निर्णय लिया।
 
4. बदले की भावना : कौरवों को छल व कपट की राह सिखाने वाले शकुनि उन्हें पांडवों का विनाश करने में पग-पग पर मदद करते थे, लेकिन उनके मन में कौरवों के लिए केवल बदले की भावना थी। क्योंकि धृतराष्ट्र ने शकुनी के संपूर्ण परिवार को जेल में डाल दिया था और उनको बस मुठ्ठी भर अनाज ही खाने को दिया जाता था। शकुनी ने अपने पूरे परिवार को जेल में भूख से अपनी आंखों के सामने खत्म होते हुए देखा था। आप सोच सकते हैं कि उसके मन में किस के लिए क्या होगा और वह किसके लिए क्या करेगा? कहते हैं कि शकुनी ने प्रतिशोध लिया था, लेकिन यह कितना सही है यह तो शकुनी ही बता सकते हैं क्योंकि कोई भी व्यक्ति नहीं चाहेगा कि वह अपनी बहन के परिवार को नष्ट करने का षड़यंत्र रचे या हो सकता है कि वह चाहे भी।
 
 
5. शकुनि बना मंत्री : शकुनि ने हस्तिनापुर मैं सबका विश्वास जीत लिया और 100 कौरवों का अभिवावक बन बैठा। अपने विश्‍वासपूर्ण कार्यों के चलते दुर्योधन ने शकुनि को अपना मंत्री नियुक्त कर लिया। सर्वप्रथम उसने गांधारी व धृतराष्ट्र को अपने वश में करके धृतराष्ट्र के भाई पांडु के विरुद्ध षड्‍यंत्र रचने और राजसिंहासन पर धृतराष्ट्र का आधिपत्य जमाने को कहा। फिर धीरे-धीरे शकुनि ने दुर्योधन को अपनी बुद्धि के मोहपाश में बांध लिया। शकुनि ने न केवल दुर्योधन को युधिष्ठिर के खिलाफ भड़काया बल्कि महाभारत के युद्ध की नींव भी रखी।
 
 
शकुनि की जब यह चाल किसी भी कारण से सफल रही हो उसका सम्मान और बढ़ गया। गांधारी अपने भाई की चाल को समझती थी और वह अपने पुत्र को बुराइयों से दूर रहने का कहती थी लेकिन उसकी नहीं चलती थी। पति, भाई और पुत्र के बीच गांधारी विवश थी।
 
6. शकुनि के पासे : यह बहुत कम लोगों को मालूम होगा कि शकुनि के पास जुआ खेलने के लिए जो पासे होते थे वह उसके मृत पिता के रीढ़ की हड्डी के थे। अपने पिता की मृत्यु के पश्चात शकुनि ने उनकी कुछ हड्डियां अपने पास रख ली थीं। शकुनि जुआ खेलने में पारंगत था और उसने कौरवों में भी जुए के प्रति मोह जगा दिया था।

 
7. शकुनि का वध : कुरुक्षेत्र के युद्ध में शकुनि ने दुर्योधन का साथ दिया था। शकुनि जितनी नफरत कौरवों से करता था उतनी ही पांडवों से, क्योंकि उसे दोनों की ओर से दुख मिला था। पांडवों को शकुनि ने अनेक कष्ट दिए। भीम ने इसे अनेक अवसरों पर परेशान किया। महाभारत युद्ध में सहदेव ने शकुनि का इसके पुत्र सहित वध कर दिया।

 
3 खतरनाक चालें
1.पहली चाल- एक योजना के तहत एक बार दुष्ट दुर्योधन ने शकुनी मामा के कहने पर भीम को जहर देने की योजना बनाई। सभी को गंगा के तट पर प्रणामकोटि स्थान में जलक्रीड़ा करने और उत्सव मनाने के लिए एकत्रित किया और दुर्योधन की योजना अनुसार चुपने से भीमसेन के भोजन में विष मिला दिया गया। फिर निश्चेष्‍ठ भीम को गंगा के ऊंचे तट से जल में ढकेल दिया गया है। अन्य पांडवों को इसका भान भी नहीं होता है। भीम को जल में उनके नाना आर्यक उसे वासुकि नाग के पास ले जाते हैं। वासुकि अपनी विद्या से भीम को जिंदा कर देता है और उस में सहस्रों हाथियों का बल भर देता है।

 
2.दूसरी चाल- शकुनि की योजना अनुसार पांचों पांडवों को वारणावत भेज दिया जाता है जहां लाक्षागृह में आग लगाकर पांडवों को जिंदा जला कर मारने की योजना बनाई गई थी। लेकिन एन वक्त पर महात्मा विदुर ने पांडवों को गुप्त संदेश भिजवाया और शकुनि की चाल का खुलासा हुआ। तब पांचों पांडवों ने विदुर के एक विश्‍वासपात्र से सुरंग खुदवाई और उसी सुरंग के माध्यम से वे लाक्षागृह से बाहर निकलकर गंगापार जंगल में चले गए। इधर हस्तिनापुर में खबर फैला दी गई की पांडव लाक्षागृह की दुर्घटना में मारे गए हैं। लेकिन कुछ काल के बाद विदुरजी ही पांडवों को हस्तिनापुर लेकर आए और फिर उनको इंद्रप्रस्थ का राज्य दिया गया।

 
3.तीसरी चाल- जब युधिष्ठिर को इंद्रप्रस्थ का राज्य मिला तो उन्होंने अपने राज्य के विस्तार के लिए राजसूय यज्ञ किया। इस यज्ञ के चलते उनके राज्य का विस्तार होता गया और उनकी शक्ति बढ़ती गई। इस बढ़ती शक्ति से चिंतित होकर ही शकुनि ने दुर्योधन के साथ मिलकर कपट की नई योजना बनाई।

उसने चौसर अथवा द्यूतक्रीड़ा (जूए के खेल का आयोजन करवाया)। लेकिन पांडव यह नहीं जानते थे कि शकुनि के पासे केवल उसी के इशारे पर चलते हैं। इस खेल में पांडवों व द्रौपदी का अपमान ही कुरुक्षेत्र के युद्ध का सबसे बड़ा कारण साबित हुआ। इस हार के बाद पांडवों को तेरह वर्ष वनवास में ही रहना पड़ा जिसके चलते उनका जीवन बदल गया।