• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Political uproar over removal of Pandit Nehru's picture from Madhya Pradesh Assembly
Written By विकास सिंह
Last Modified: मंगलवार, 19 दिसंबर 2023 (13:25 IST)

मध्यप्रदेश विधानसभा से नेहरू की तस्वीर हटाने पर सियासी बवाल

मध्यप्रदेश विधानसभा से नेहरू की तस्वीर हटाने पर सियासी बवाल - Political uproar over removal of Pandit Nehru's picture from Madhya Pradesh Assembly
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर सियासी बखेड़ा खड़ा हो गाया है। कांग्रेस ने इसे पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए आज सदन में हंगामा किया। दरअसल मध्यप्रदेश विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर हटाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर लगाई गई है, इसको लेकर पूरा सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है।

आज विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मुद्दें को सदन में  उठाया और सत्ता पक्ष को घेरने की कोशिश की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सदन में से नेहरू की तस्वीर हटाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भाजपा हिटलर के पद्चिन्हों पर चलकर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा नेहरू के विचारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है।

वहीं सदन में से नेहरू की तस्वीर हटाने को लेकर प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव ने कहा कि पूरा मामला उनके संज्ञान में आया है और वह इसको लेकर विधानसभा के अधिकारियों से रिपोर्ट लेंगे।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस की आपत्ति को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर लगाने पर आपत्ति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का बाबा साहेब अंबेडकर के प्रति सम्मान और  विश्वास नहीं है इसलिए वह हंगामा कर रही है।
ये भी पढ़ें
तमिलनाडु में बाढ़ में फंसे यात्रियों ने ट्रेन में ही बिताई रात, सेना ने मोर्चा संभाला