1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. B.Tech exam papers stolen from RGPV University in Bhopal.

भोपाल में RGPV से बीटेक के पेपर चोरी, पुलिस ने दर्ज की FIR, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

B.Tech exam papers stolen from RGPV University in Bhopal; exam papers stolen from the university in Bhopal; RGPV University mired in controversy.
भोपाल। राजधानी भोपाल में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में पेपर चोरी का  सनसनीखेज मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के UTD की परीक्षा शाखा से बीटेक चौथे सेमेस्टर के 9 विषयों के प्रश्नपत्रों के सीलबंद लिफाफे चोरी हो गए हैं। पेपर चोरी की घटना के बाद आनन-फानन में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीटेक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा को स्थगित कर दिया।

चोरी की यह पूरी घटना स्कूल ऑफ बायोमॉलिक्यूलर टेक्नोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी की परीक्षा शाखा की है। शुक्रवार सुबह 11 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी। छात्र अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके थे, लेकिन पेपर शुरू होने के कुछ ही मिनटों पहले उन्हें बताया गया कि प्रश्नपत्र चोरी हो जाने के कारण परीक्षा को टाल दिया गया है। अचानक हुए इस फैसले से छात्रों में भारी आक्रोश और नाराजगी देखी गई।

यूनिवर्सिटी में पेपर चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गांधी नगर पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में कई हैरान करने वाले और संदेहास्पद तथ्य सामने आए हैं। स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी की परीक्षा शाखा में जिस कमरे में अलमारी में पेपर ऱखे थे वहां का मेन गेट पर ताला लगा था और कमरे  में रखी 12 अलमारी में से 11 अलमारी के लॉक सुरक्षित थे। चोरों ने जिस अलमारी पेपर रखे थे उसी को निशाना बनाया। वहीं कमरे की एक खिड़की और बाथरूम की जाली टूटी हुई पाई गई, जिसके जरिए चोरों ने अंदर एंट्री की और पेपर के बंडल चुरा लि।

सबसे हैरान करने वाली लापरवाही यह सामने आई है कि जिस स्ट्रॉन्गरूम में यह गोपनीय और संवेदनशील परीक्षा सामग्री रखी गई थी, वहां कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। पुलिस के मुताबिक जिस तरह से केवल उसी अलमारी के लॉक तोड़ा गया जहां पेपर ऱखे थे, इससे किसी कर्मचारी के मिलीभगत की पूरी आंशका है।

कुलगुरु ने परीक्षा नियंत्रक को थमाया नोटिस, FIR दर्ज- घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने हंगामा शुरु कर कुलगुरु का घेराव कर दिया और परीक्षा नियंत्रक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इसके बाद कुलगुरु डॉ. आलोक शर्मा ने यूटीडी की परीक्षा नियंत्रक डॉ. अर्चना तिवारी को नोटिस जारी कर पांच दिन के अंदर जवाब मांगा है। वहीं विश्वविद्यालय की शिकायत के बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरु कर दी है।

वहीं घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने परीक्षा विभाग के अधिकारियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा- वहीं, इस मुद्दे पर राज्य में राजनीति भी गरमा गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है और अब पेपर लीक के बाद सीधे 'पेपर चोरी' का नया दौर शुरू हो गया है।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें