रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. पर्यटन
  4. »
  5. मध्यप्रदेश
  6. अचानकमार में पर्यटक कर सकेंगे हाथी की सैर
Written By ND

अचानकमार में पर्यटक कर सकेंगे हाथी की सैर

एक नवंबर से खुलेगा टाइगर रिजर्व एरिया

Tiger Reserve | अचानकमार में पर्यटक कर सकेंगे हाथी की सैर
ND

मध्यप्रदेश के अचानकमार टाइगर रिजर्व एरिया पहुंचने वाले पर्यटक शीघ्र हाथियों की सवारी कर जंगल का भ्रमण कर सकेंगे। इनकी पीठ पर पर्यटकों के बैठने के लिए उचित स्थान (हौदा) तैयार करने की कवायद की जा रही है। इसके लिए बांधवगढ़ की मदद ली जा रही है।

लंबे समय से वन विभाग टाइगर रिजर्व में हाथियों को लाने का प्रयास कर रहा था। कुछ महीने पहले विभाग को सफलता भी मिल गई है। सरगुजा के तैमोर पिंगला अभयारण्य में मौजूद वन विभाग के तीन पालतु हाथियों को अचानकमार टाईगर रिजर्व लाया गया है। इनमें नर-मादा व उनका बच्चा शामिल है।

ND
सरगुजा से हाथियों के साथ उसका महावत भी आया है। इन्हें लाने के पीछे विभाग का दो स्वार्थ है, जिसमें से एक तो पूरा किया जा रहा है।

इसके तहत कर्मचारी हाथियों पर बैठकर उन क्षेत्रों में गश्ती करने के लिए पहुंच रहे हैं, जहां वाहन नहीं जा पाते। इनसे पर्यटकों को भी जंगल की सैर कराने की योजना थी, जो सिर्फ इसलिए पूरी नहीं हो पा रही है, क्योंकि इनकी पीठ पर अब तक पर्यटकों को बैठाने के लिए उचित जगह (हौदा) नहीं बन पाया है। इसे स्थानीय पर सिर्फ इसलिए तैयार नहीं किया जा रहा है, क्योंकि इसमें रिस्क है।

यदि हौदा स्तरहीन हुआ, तो पर्यटकों को नुकसान पहुंचने का खतरा है। इसे देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एरिया से सहयोग लेने का निर्णय लिया है। बांधवगढ़ में 10 से 12 हाथी है। यहां पर्यटक बड़े आराम से सैर करते हैं।

बताया जा रहा है कि यहां से मदद मिलने के बाद अचानकमार के इन हाथियों के लिए हौदा तैयार किया जाएगा। इसके बाद पर्यटक इसकी सवारी कर जंगल का भ्रमण कर सकते हैं। इसके लिए अचानकमार अधीक्षक आरके दुबे को भेजा गया था, जो लौटकर आ गए हैं।

हौदा तैयार करने के लिए बांधवगढ़ का सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही हौदा तैयार हो जाएगा। रही बात पर्यटकों को सैर कराने की, तो इसमें कुछ वक्त लगेगा, लेकिन प्रयास किया जा रहा है कि जब एक नवंबर को टाइगर रिजर्व एरिया खुलेगा, पर्यटकों को यही सुविधा उपलब्ध रहे। हो सकता है कि इससे आगे का भी समय लग सकता है।