मंगलवार, 30 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Anurag Thakur's statement regarding Congress and Aam Aadmi Party
Last Modified: पांढुर्णा (मप्र) , शनिवार, 13 अप्रैल 2024 (19:17 IST)

AAP सबसे बेईमान पार्टी, कांग्रेस अबकी बार 40 पार के लिए लड़ रही : अनुराग ठाकुर

Anurag Thakur
Anurag Thakur's statement regarding Congress and Aam Aadmi Party : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को सबसे बेईमान पार्टी करार दिया। उन्होंने साथ ही दावा किया कि कांग्रेस आसन्न लोकसभा चुनाव 'अबकी बार, 40 पार' के लिए लड़ रही है जबकि भाजपा 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
 
कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में भाजपा में शामिल हो रहे : ठाकुर ने दावा किया कि मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में पिछले दस वर्षों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शानदार प्रदर्शन के कारण कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में भाजपा में शामिल हो रहे हैं। पांढुर्णा जिला छिंदवाड़ा लोकसभा सीट का हिस्सा है। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल से 13 मई के बीच चार चरणों में मतदान होगा और मतों की गिनती चार जून को होगी। छिंदवाड़ा में पहले चरण में मतदान होगा।
आम आदमी पार्टी (AAP) के इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर कि भाजपा, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर रही है, केंद्रीय मंत्री ने कहा, अगर कोई पूरी तरह से बेईमान व्यक्ति है तो वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। सच तो यह है कि आप सबसे बेईमान राजनीतिक पार्टी है। यह झूठ बोलने में सबसे आगे है।
 
'बेईमान' मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल में : ईडी ने दिल्ली सरकार की अब रद्द हो चुकी आबकारी नीति से जुड़े कथित धनशोधन के मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री ने आरोप लगाया कि केजरीवाल भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए राजनीति में आए हैं, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि वह भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। उनके स्वास्थ्य मंत्री, जेल मंत्री, आबकारी मंत्री और उपमुख्यमंत्री जेल में हैं। उन्होंने कहा कि ‘बेईमान’ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल में हैं।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि ‘आप’ ने बेईमानी में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है और भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने केजरीवाल पर विश्वास खो दिया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को बड़े पैमाने पर पार्टी छोड़ने का झटका लगा है।
उन्होंने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर कांग्रेस नेता कमलनाथ की पकड़ के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, वे (पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता) कांग्रेस क्यों छोड़ रहे हैं, जहां से वह नौ बार जीत चुके हैं और अब इसका प्रतिनिधित्व उनके बेटे नकुलनाथ कर रहे हैं।
 
भाजपा ने 2019 के आम चुनाव में मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीट पर जीत दर्ज की थी जबकि नकुल नाथ छिंदवाड़ा से राज्य में एकमात्र कांग्रेस विजेता के रूप में उभरे थे। भाजपा का दावा है कि हाल के हफ्तों में मध्य प्रदेश में, खासकर छिंदवाड़ा से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए हैं।

ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने राम सेतु को काल्पनिक बताया, भगवान राम के जन्मस्थान पर सवाल उठाया और राम मंदिर का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये सब कांग्रेस के खिलाफ जा रहा है और उसके नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता भी बाहर जा रहे हैं क्योंकि वह भारत के विकास पथ का विरोध कर रही है और उसने विदेशी ताकतों से हाथ मिला लिया है। ठाकुर ने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में राजग सरकार के शानदार काम से प्रभावित होकर कई कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं।
कमलनाथ के प्रभुत्व को खत्म करने की योजना बना रही भाजपा : यह पूछे जाने पर कि भाजपा छिंदवाड़ा में कमलनाथ के प्रभुत्व को खत्म करने की योजना कैसे बना रही है, ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर शासन किया लेकिन अब उसके पास नेता खत्म हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अबकी बार, 400 पार' के लिए लड़ रही है और कांग्रेस अबकी बार, 40 पार' के लिए लड़ रही है। 2019 के संसदीय चुनाव में भाजपा ने 303 सीट पर जीत दर्ज की थी जबकि कांग्रेस केवल 52 सीट हासिल कर सकी थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
Lok Sabha Election : पंजाब के लिए शिअद के 7 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी