सोमवार, 14 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Gautam Gambhir richest candidate in delhi
Written By
Last Modified: मंगलवार, 23 अप्रैल 2019 (23:28 IST)

लोकसभा चुनाव 2019 : दिल्ली के लोकसभा उम्मीदवारों में गंभीर सबसे अमीर, जानिए कितनी है संपत्ति

Lok Sabha elections 2019
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में दिल्ली के सभी उम्मीदवारों में पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर सबसे अमीर उम्मीदवार हैं और उनकी कुल संपत्ति 147 करोड़ रुपए मूल्य की है।
 
क्रिकेट से सियासत में आए गंभीर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं और पूर्वी दिल्ली से मैदान में हैं। उन्होंने 2017-18 के लिए दाखिल आयकर रिटर्न में करीब 12.40 करोड़ रुपए की आय दिखाई है।

उनकी पत्नी नताशा गंभीर ने इसी अवधि में दाखिल आईटी रिटर्न में 6.15 लाख रुपये की आय दर्शाई है। उन्होंने 147 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति होने की घोषणा हलफनामे में की है।
 
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी के हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल और अचल संपत्ति 24 करोड़ रुपए की है, जिसमें 2014 की तुलना में 4.33 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। 2017-18 के आईटी रिटर्न के अनुसार उनकी आय 48.03 लाख रुपए है। 
 
दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने अपने हलफनामे में 18 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति दर्शाई है, जिसमें पिछले पांच साल में करीब 3.5 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। बिधूड़ी और उनकी पत्नी ने 2017-18 में क्रमश: 16.72 लाख रुपए और 3.09 लाख रुपए की आय बताई है।
 
बिधूड़ी के मुकाबले कांग्रेस के उम्मीदवार विजेंद्र सिंह ने 3.57 करोड़ रुपए की चल और 5.05 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति बताई है।
 
पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर पूर्व दिल्ली से कांग्रेस की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने मंगलवार को चुनावी हलफनामे में 4.92 करोड़ रुपए की संपत्ति की घोषणा की। 81 वर्षीय दीक्षित का निजामुद्दीन क्षेत्र में एक मकान है, जिसका बाजार मूल्य 1.88 करोड़ रुपए है।
 
गंभीर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने बाराखंभा रोड स्थित मॉडर्न स्कूल से पढ़ाई की है और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से स्नातक किया है।