स्मिथ को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ग्रीम स्मिथ का मानना है कि उपमहाद्वीप पर उनकी टीम का अच्छा रिकॉर्ड और अनुभवी खिलाड़ियों के दम पर उनकी टीम भारत दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करेगी। दक्षिण अफ्रीका के कोच मिकी ऑर्थर के इस्तीफे के बाद कप्तान पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए।सूत्रों से मिली खबरों के अनुसार ऑर्थर और स्मिथ में मतभेदों के चलते ऑर्थर ने इस्तीफा दिया था। स्मिथ ने कहा कि भारत दौरा हमेशा ही मुश्किल होता है और ज्यादा टीमों ने वहाँ जीत हासिल नहीं की है। स्मिथ ने कहा कि भारत में हमारा रिकॉर्ड शानदार रहा है और हमारे पास ऐसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जिनके अच्छे प्रदर्शन की बदौलत हम भारतीय टीम का मुकाबला कर सकते हैं।दक्षिण अफ्रीका टीम अपने भारत दौरे पर दो टेस्ट और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट नागपुर में 6 फरवरी से शुरू होगा। (वेबदुनिया न्यूज)