MIvsPBKS सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के महत्वपूर्ण मुकाबले में सोमवार को यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ सात विकेट पर 184 रन बनाए।प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी इन दोनों टीम के बीच हो रहे इस मुकाबले के विजेता का लीग चरण के बाद शीर्ष दो में रहना तय है।
सूर्यकुमार ने 39 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों से 57 रन की पारी खेली। गेंदबाजों की मददगार पिच पर मुंबई ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और रेयान रिकेल्टन (27), कप्तान हार्दिक पंड्या (26), रोहित शर्मा (24) और नमन धीर (20) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।
पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह ने 28, मार्को यानसेन ने 34 और विजय कुमार विशाख ने 44 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए।
टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई इंडियन्स को सलामी बल्लेबाज रेयान रिकेल्टन (27) ने सतर्क शुरुआत दिलाई। रिकेल्टन ने रोहित शर्मा के साथ 45 रन जोड़े।
रिकेल्टन ने अर्शदीप सिंह पर चौके के साथ शुरुआत की और फिर काइल जेमीसन पर भी दो चौके जड़े। रोहित ने भी मार्को यानसेन की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए जबकि रिकेल्टन ने अर्शदीप पर दो और चौके मारे।
रोहित ने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार (36 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ किया।
रिकेल्टन हालांकि यानसेन की उछाल लेती गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड ऑफ पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके मारे।मुंबई ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव ने आते ही यानसेन पर चौका जड़ा और फिर हरप्रीत की गेंद को भी बाउंड्री पर भेजा। उन्होंने नौवें ओवर में यानसेन पर दो चौके और एक छक्का मारा। सूर्यकुमार ने इसके साथ लगातार 14वीं बार 25 रन के आंकड़े को पार किया।
निहाल वढेरा ने इसके बाद हरप्रीत की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर रोहित का शानदार कैच लपका। रोहित ने 21 गेंद में दो चौकों और एक छक्के से 24 रन बनाए।
तिलक वर्मा की खराब फॉर्म जारी रही और वह सिर्फ एक रन बनाने के बाद विजय कुमार विशाख की गेंद पर अर्शदीप को कैच दे बैठे।
विल जैक्स (17) ने आते ही यानसेन पर लगातार दो चौके मारे और फिर विशाख पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर यानसेन को कैच दे बैठै।
मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या को खाता खोले बिना ही जीवनदान मिला जब विशाख ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच टपका दिया।मुंबई के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।
हार्दिक ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए हरप्रीत पर छक्का और अर्शदीप पर चौके के साथ 15 ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर 131 रन तक पहुंचाया।हार्दिक ने रन गति बढ़ाने का प्रयास करते हुए यानसेन पर छक्का मारा लेकिन अगली गेंद जोश इंग्लिस के हाथों लपके गए। उन्होंने 15 गेंद का सामना करते हुए दो छक्के और दो चौके से 26 रन बनाए।
नमन धीर ने 19वें ओवर में विशाख पर लगातार दो छक्के मारे। सूर्यकुमार ने भी इसी ओवर में दो चौके और दो रन के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।अर्शदीप ने अंतिम ओवर में नमन (20) को प्रियांश आर्य के हाथों कैच कराया और अंतिम गेंद पर सूर्यकुमार को पगबाधा किया।
(भाषा)