Sun, 26 Jul 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Pranab Dhanavde, Mumbai Subhash Cricket Ground

पुलिस से उलझने पर फिर सुर्खियों में प्रणव धनावड़े

Pranab Dhanavde
मुंबई। स्कूल के मैच में एक हजारी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर खबरों में छाए मुंबई के क्रिकेटर प्रणव धनावड़े इस बार स्थानीय पुलिस के साथ उलझने के कारण सुर्खियों में आ गए हैं।
मुंबई के क्रिकेटर प्रणव ने एक स्कूल मैच में नाबाद 1,009 रन बनाकर रिकॉर्ड बनाया था, लेकिन इस बार वे पुलिस अधिकारियों के साथ उलझने पर चर्चा में आ गए। दरअसल, कल्याण स्थित सुभाष ग्राउंड में जहां प्रणव अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे उसे सुरक्षा कारणों से पुलिस को सौंप दिया गया था। यहां वे ग्राउंड का इस्तेमाल हैलीपैड के रूप में किए जाने का विरोध कर रहे थे।
 
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी देते बताया कि पुलिस ने लोक कल्याण विभाग ने एक केंद्रीय मंत्री के यहां आने के लिए हैलीपैड की व्यवस्था की थी। इसकी सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी ने खिलाड़ियों से खेल रोकने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर उनके बीच बहस हो गई और कुछ देर में पुलिस के अन्य अधिकारी भी वहां पहुंच गए। बहस बढ़ने के बाद पुलिस क्रिकेटर को पुलिस स्टेशन ले गई, हालांकि बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
 
उल्लेखनीय है कि कल्याण के केसी गांधी माध्यमिक शिक्षा विद्यालय में पढ़ाई करने वाले प्रणव को उनकी रिकॉर्ड 1,009 रनों की पारी के बाद मुंबई क्रिकेट संघ ने 5 वर्षों तक प्रतिमाह की छात्रवृत्ति भी दी थी।
 
यह हैलीपैड मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के लिए बनाया गया था जिन्होंने एक स्थानीय चैनल को बताया कि उन्हें जब इस घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने हैलीपैड के बजाय सड़क से ही यात्रा करने का फैसला किया। वे खेलने के ग्राउंड का हैलीपैड के रूप में उपयोग करने का समर्थन नहीं करते हैं। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
इंदौर में होगा रणजी ट्रॉफी फाइनल