गलती से टकराए थे, विराट से तीखी झड़प के बाद कोंस्टास ने दिया बड़ा बयान
Virat Kohli Sam Konstas : भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन गुरूवार को मैदान पर झड़प हो गई लेकिन 19 वर्ष के आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इसे तूल नहीं देते हुए कहा कि कोहली गलती से उनसे टकरा गए।
आस्ट्रेलियाई पारी के दसवें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए।
दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी। इस बीच आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया। मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की।
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कोंस्टास ने कहा कि कोहली जान बूझकर उनसे नहीं टकराए थे। उन्होंने कहा , विराट कोहली गलती से मुझसे टकरा गए। यह क्रिकेट है और तनाव में ऐसा हो जाता है।
कोंस्टास ने दूसरे सत्र के दौरान चैनल 7 से कहा , मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे। मुझे समझ में ही नहीं आया। मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया। क्रिकेट में यह सब होता रहता है।
कोंस्टास उस समय 27 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो चौके और एक छक्का लगाया। वह अर्धशतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा की गेंद पर LBW आउट हुए।
आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इस घटना के लिए कोहली को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा , देखो कि विराट कहां से चलकर आया है। वह पूरी पिच पार करके आया और झड़प की शुरूआत की। मुझे इसमें कोई शक नहीं है।
उन्होंने कहा ,मुझे इसमें कोई शक नहीं कि अंपायर और मैच रैफरी इस घटना पर गौर करेंगे। उस समय फील्डर को बल्लेबाज के करीब नहीं होना चाहिए था।
उन्होंने कहा , मुझे ऐसा लगा कि कोंस्टास ने काफी देर बाद ऊपर देख। उसे पता भी नहीं चला कि कोई उसके सामने है। स्क्रीन पर दिख रहे उस व्यक्ति (कोहली) को जरूर कुछ सवालों के जवाब देने होंगे।
हालांकि इस घटना के बाद, मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट के पहले दिन आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए विराट कोहली पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें 1 Demerit Point भी दिया गया।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें