• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

धोनी को साक्षी ने किया क्लीन बोल्ड

धोनी को साक्षी ने किया क्लीन बोल्ड -
FILE
एशिया कप क्रिकेट में हाल ही में भारत को पन्द्रह वर्षों बाद ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्रसिंह धोनी को आखिरकार उन्हीं की स्कूल की मित्र साक्षीसिंह रावत ने क्लीन बोल्ड कर दिया और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार को दोनों की सगाई हो गई।

महेन्द्रसिंह धोनी के एक करीबी पारिवारिक मित्र ने बताया कि धोनी की आज उनके राँची के डीएवी शामली स्कूल की मित्र साक्षीसिंह रावत के साथ देहरादून में सगाई हो गई।

धोनी और साक्षी के पिता एक साथ राँची के मेकान में काम करते थे और मेकान से सेवानिवृत्त होने के बाद साक्षी का परिवार देहरादूर में ही रहने लगा था। आज शाम देहरादून के होटल भगीरथ में दोनों की सगाई के समय दोनों के परिवार के अलावा धोनी के कुछ करीबी मित्र भी उपस्थित थे।

यह पूछे जाने पर कि धोनी और साक्षी की शादी की तिथि क्या तय हुई है उनके मित्र ने बताया कि अभी शादी के लिए कोई तिथि तय नहीं हुई है, लेकिन भारत के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद दोनों का विवाह हो सकता है।

ज्ञातव्य है कि इस वर्ष हुए ट्‍वेंटी-20 विश्व कप के बाद धोनी भारत आने के बाद सीधे उत्तराखंड में गुप्त यात्रा पर चले गए थे और अब यह समझा जाता है कि धोनी सगाई की रस्म को ही अंतिम रूप देने के लिए देहरादून गए थे। (भाषा)