• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By WD

टीम इंडिया की बेहतरीन शुरुआत

बांग्लादेश की पहली पारी 233 रन पर सिमटी

भारतबांग्लादेश टेस्ट मैच
ND
यहाँ शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश के 233 रन के जवाब में भारत ने बिना कोई विकेट खोए 69 रन बना लिए हैं। वीरेंद्र सहवाग 41 और गौतम गंभीर 26 बनाकर नाबाद हैं।

इससे पहले बांग्लादेश की पहली पारी महज 233 टीम पर सिमट गई। उसे इस स्कोर तक पहुँचाने में मोहम्मद उल्लाह 96 (नाबाद) और मोहम्मद अशरफुल (39) का उल्लेखनीय योगदान रहा। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने सर्वाधिक चार विकेट लिए, जबकि जहीर खान ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। प्रज्ञान ओझा दो विकेट चटकाने में कामयाब रहे।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज इमरुल कैस बिना कोई रन बनाए ईशांत शर्मा की गेंद पर आउट हो गए। उन्हें स्टंप के पीछे कप्तान महेंद्रसिंह धोनी ने लपक लिया। उनके बाद तमीम इकबाल भी कोई कमाल नहीं दिखा सके। उन्हें जहीर खान ने बोल्ड कर दिया। तीसरे विकेट पर जुनैद सिद्दिकी (8) का नाम लिखा था। उन्हें जहीर खान की गेंद पर धोनी ने कैच आउट कर चलता किया।

कुछ ही ओवर बीते थे कि रकीबुल हसन (4) भी ड्रेसिंग रूम की शोभा बनने को बेकरार हो गए। 13वें ओवर में ईशांत शर्मा की एक गेंद पर वे राहुल द्रविड़ को कैच थमा बैठे। उनके बाद मोहम्मद अशरफुल (33) ने भी पैवेलियन जाने की तैयारी कर ली। उन्हें धोनी ने प्रज्ञान ओझा की गेंद पर स्टंप आउट कर दिया।

लंच के तत्काल बाद बांग्लादेश का एक और खिलाड़ी मुशफिकुर रहीम (30) के रूप में पैवेलियन पहुँच गया। उन्हें ईशांत शर्मा ने पगबाधा आउट किया। अगले ही कुछ मिनटों में कप्तान शकीबुल हसन (34) ने भी भारतीय गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए। उन्हें जहीर खान की गेंद पर धोनी ने स्टंप के पीछे लपक लिया।

इसके बाद के कुछ ओवरों में बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने कुछ टिक कर खेलने की कोशिश की, लेकिन टी टाइम के करीब एक घंटे बाद शफीउल इस्लाम (9) भी चलते बने। उन्हें ईशांत शर्मा ने अपना शिकार बनाया। आखिरी विकेट रोबेल हुसैन (4) का गिरा। उन्हें हरभजनसिंह ने बोल्ड कर दिया। इस तरह पूरी बांग्लादेशी टीम अपनी पहली पारी में 233 बनाकर ढेर हो गई।

उल्लेखनीय है कि इस मैच में टीम इंडिया में महेंद्रसिंह धोनी और हरभजनसिंह की वापसी हुई है, जबकि श्रीसंथ और लक्ष्मण को बाहर रखा गया है। (वेबदुनिया न्यूज)