गुरुवार, 10 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. करियर
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

शिक्षा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएँ

5 साल के दौरान हो सकता है 100 अरब डॉलर का नि‍वेश

करियर
नई दिल्ली, देश के तेजी से बढ़ते शिक्षा क्षेत्र में अगले 5 साल के दौरान 100 अरब डॉलर (लगभग 4.57 लाख करोड़ रुपए) के निवेश की संभावनाएँ हैं। विशेषकर कुशल पेशेवरों की बढ़ती माँग तथा बुनियादी ढाँचा क्षेत्र की जरूरत के कारण शिक्षा क्षेत्र में निवेश की संभावनाएँ बढ़ी है।

इस क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि वर्तमान में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दिखाई दे रही है और भविष्य में यह निवेश का सबसे बेहतर गंतव्य साबित हो सकता है। उद्यम पूँजी तथा निजी इक्विटी खिलाड़ियों को यह क्षेत्र निवेश के लिए आकर्षित करेगा।

केपीएमजी के निदेशक (रणनीतिक एवं वाणिज्यिक इंटेलिजेंस) दुष्यंत सिंह ने कहा, ‘अगले पाँच से छह साल में शिक्षा क्षेत्र में 100 अरब डॉलर के निवेश की संभावनाएँ हैं। उद्यम पूँजी तथा निजी इक्विटी क्षेत्र के खिलाड़ी इस क्षेत्र में आगे चलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’ विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी से, निजी क्षेत्र की कंपनी इसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

शिक्षा एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने वाली जी लर्न के मुताबिक, इस क्षेत्र में काफी संभावनाएँ हैं। शैक्षिक संस्थानों की माँग तेजी से बढ़ रही है।

जी लर्न के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित मेहता ने कहा कि इस क्षेत्र में पूँजी कम लगी है। ऐसे में इसमें निजी निवेश की काफी संभावनाएँ हैं। मेहता ने कहा, ‘जी लर्न इसका लाभ उठाना चाहती है। इसीलिए हम इस साल 20 और स्कूल तथा 660 प्री स्कूल खोलने की योजना बना रहे हैं।’ (भाषा)