• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. व्यापार
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

बैंकों का कर्जदारों पर करोड़ों रुपया बकाया

बैंक
नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का उन लोगों पर 68,000 करोड़ रुपए से अधिक का बकाया है जिन्हें 1 करोड़ रुपए या इससे अधिक का कर्ज दिया गया था।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र के 27 बैंकों का मार्च 2012 तक 7,295 व्यक्तिगत या फर्मों पर 1 करोड़ रुपए या इससे अधिक राशि का ऋण बकाया है। इन पर कुल मिलाकर 68,262 करोड़ रुपए का बकाया है।

इस मद में सबसे अधिक बकाया भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का है। एसबीआई को 2,419 कर्जदारों से 23,320 करोड़ रुपए लेने हैं।

इसी तरह पीएनबी को 709 कर्जदारों से 5,295 करोड़ रु, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 222 कर्जदारों से 4,349 करोड़ रु, बैंक ऑफ इंडिया को 507 कर्जदारों से 4,268 करोड़ रुपए, आईडीबीआई बैंक को 579 कर्जदारों से 3,682 करोड़ रुपए लेने हैं।

मार्च 2011 तक इन बैंकों का इस तरह के 4,589 कर्जदारों पर 34,633 करोड़ रुपए बकाया था जबकि मार्च 2010 में यह राशि 4,099 कर्जदारों पर 26,629 करोड़ रुपए थी।

सूत्रों ने कहा कि सरकार ने सार्वजनिक बैंकों को वसूली बढ़ाने तथा गैर निष्पादित आस्तियों (एनपीए) के प्रबंधन के लिए अनेक कदम सुझाए हैं जिसमें वसूली के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति, चेतावनी प्रणाली का कार्यान्वयन तथा वसूली के लिए विशेष अभियान शामिल है।

इसके अलावा संसद ने फंसे ऋण की वसूली में आड़े आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए एक कानून (इन्फोर्समेंट आफ सिक्योरिटी इंटरेस्ट एंड रिकवरी ऑफ डेट्स लॉ (अमेंडमेंट) एक्ट 2012) भी हाल ही में पारित किया। (भाषा)