शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Somalia, Mogadishu, Christmas, New Year
Written By

सोमालिया में क्रिसमस और नववर्ष जश्न पर पाबंदी

सोमालिया में क्रिसमस और नववर्ष जश्न पर पाबंदी - Somalia, Mogadishu, Christmas, New Year
मोगादिशु। मुस्लिम बहुल देश सोमालिया की सरकार ने क्रिसमस और नए वर्ष के समारोहों पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया है कि इन त्योहारों का इस्लाम से कुछ लेना-देना नहीं है।


सोमालिया के धार्मिक मामलों के मंत्रालय के निदेशक शेख मोहम्मद खेयरो ने सरकारी रेडियो पर कहा क‍ि हम क्रिसमस का जश्न मनाने के खिलाफ चेतावनी देते हैं। यह ईसाइयों का त्योहार है। यह धार्मिक मामला है। क्रिसमस की छुट्टी और ड्रम बजाने की परंपरा का इस्लाम से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने राजधानी मोगादिशु में पुलिस, राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी और अधिकारियों को पत्र भेजा है ताकि ‘क्रिसमस के समारोह’ को रोका जा सके।

सोमालिया सरकार का यह फैसला आतंकवादी संगठन अल शबाब की नीतियों से मेल खाता है जिसका मोगादिशु पर 2011 तक नियंत्रण था। हालांकि फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि सरकार ने यह निर्णय किन परिस्थितियों में लिया है।

सोमालिया एक मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन यहां ईसाई बहुल देशों जैसे बुरुंडी, यूगांडा और केन्या सहित अफ्रीकी संघ (एयू) के हजारों शांति सैनिक तैनात हैं।

मोगादिशु के मेयर के प्रवक्ता ने कहा कि सोमालिया में क्रिसमस 2 कारणों से नहीं मनाया जाता है। पहला यह कि सभी सोमालियाई मुसलमान हैं और यहां कोई ईसाई समुदाय नहीं है, दूसरा कारण सुरक्षा का है। क्रिसमस ईसाइयों के लिए है न कि मुसलमानों के लिए।

पिछले साल 25 दिसंबर को अल शबाब ने मोगादिशु स्थित अफ्रीकी संघ के मुख्य शिविर पर हमले की जिम्मेदारी ली थी जिसमें 3 शांति सैनिक और 1 नागरिक की मौत हो गई थी। (वार्ता)