सोमवार, 28 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. rain, landslides, Sri Lanka
Written By
Last Modified: कोलंबो , बुधवार, 18 मई 2016 (21:42 IST)

श्रीलंका में भूस्खलन, 35 लोगों की मौत

श्रीलंका में भूस्खलन, 35 लोगों की मौत - rain, landslides, Sri Lanka
कोलंबो। श्रीलंका के केगल्ले में भारी बारिश के बाद आए भूस्खलन से अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 200 से अधिक परिवारों के लापता होने की सूचना है। 
         
श्रीलंका रेडक्रास के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि केगल्ले जिले के तीन गांवों में भूस्खलन के कारण स्थिति काफी भयावह है। भूस्खलन में अब तक 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन की घटना में करीब 220 परिवारों के लापता होने की सूचना है। हालांकि अधिकारियों ने गांवों की जनसंख्या के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है।
       
गांववासी मंगलवार को आई भारी बारिश और भूस्खलन की स्थिति से काफी सदमे में हैं। सिरिपुरा गांव की निवारी 52 वर्षीय एजी कमला ने कहा, मुझे एक बड़ी तेज आवाज सुनाई दी। मुझे ऐसा लगा जैसे एक हवाईजहाज धरती पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। 
 
कमला ने कहा, मैं काफी डर गई थी। मैंने अपने घर के दरवाजे खोले और फिर जो मैंने देखा, मुझे उस पर भरोसा नहीं हुआ। ऐसा लगा जैसे एक बड़ा सा गोला पहाड़ों में टकरा रहा है और फिर एक जोरदार आवाज हुई। सिरिपुरा गांव राजधानी कोलंबो से 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।
                
सरकारी अधिकारी महेन्द्र जगनाथ ने कहा कि आपदा से बचाए गए 1000 से अधिक लोगों ने शिविरों में शरण ली है तथा जिन लोगों को चोटें आई हैं, उनका बौद्ध मंदिर तथा एक नजदीकी स्कूल में इलाज चल रहा है। 
 
उन्होंने बताया कि पूरे देश के करीब एक लाख 35 हजार लोग विस्थापित हो चुके हैं और अस्थाई शिविरों में शरण लिए हुए हैं। अधिकारियों ने अभी और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। 
            
श्रीलंकाई सेना के प्रवक्ता जयनाथ जयवीरा के मुताबिक, पूर्वोत्तर के तटीय जिले पुत्तलम से सैनिकों ने नावों और हेलीकॉप्टरों की मदद से वहां फंसे 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
साध्वी प्रज्ञा ने शिवराज को बताया 'ड्रामेबाज'