शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Indian, Australia, highest civilian honor
Written By
Last Updated :मेलबर्न , बुधवार, 27 जनवरी 2016 (19:55 IST)

तीन भारतवंशियों को ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

तीन भारतवंशियों को ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान - Indian, Australia, highest civilian honor
मेलबर्न। भौतिक विज्ञान, इंजीनियरिंग और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय मूल के तीन व्यक्तियों को ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया।
कैनबरा स्थित ऑस्ट्रेलियाई राष्ट्रीय विश्वविद्यालय (एएनयू) के प्रतिष्ठित प्रोफेसर चेन्नुपति जगदीश, न्यू साउथ वेल्स में नेत्र चिकित्सक जय चंद्रा और मेलबर्न के एक दंत चिकित्सक संजीव कोशी को वर्ष 2016 का ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया दिया गया, जिसकी घोषणा ऑस्ट्रेलिया दिवस के दिन हुई।
 
जगदीश को यह अवार्ड भौतिक विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए दिया गया। उन्हें कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया (एसी) चुना गया।
 
नैनोटेक्नोलॉजी पर काम करने वाले जगदीश ने कहा ‘एएनयू में मेरे अनुसंधान समूह के साथ 25 वर्ष से भी अधिक समय के कार्य के लिए यह अद्भुत सम्मान है।’ वेस्टमेड अस्पताल में विटरियोरेटिनल सर्जरी के प्रमुख चंद्रा को चिकित्सा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वह आंख के डॉक्टर हैं।
 
उनके हवाले से एक रिपोर्ट में कहा गया है ‘मैं बहुत अधिक प्रसन्नता दिखलाने वाला व्यक्ति नहीं हूं लेकिन सम्मान मिलने से मैं काफी प्रसन्न हूं।’ उन्होंने कहा ‘जिस क्षेत्र में मैंने विशेषज्ञता हासिल की, आंख की सर्जरी के क्षेत्र में वह सबसे अधिक मुश्किल क्षेत्र में से एक है। ईश्वर ने मुझे यह कौशल दिया है और ऑस्ट्रेलिया में एक अच्छा जीवन दिया है।’ 
 
मेलबर्न में रहने वाले कोशी को दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस वर्ष के ऑस्ट्रेलिया दिवस सम्मान में 600 लोगों के नाम शामिल हैं। इसमें मानवीय मिशनों के लिए और जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाता है। (भाषा)