1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. British minister Rishi Sunak apologized

नारायणमूर्ति दामाद ब्रिटिश मंत्री ऋषि सुनक ने मांगी माफी, 'पार्टीगेट' के लिए भरा जुर्माना

Rishi Sunak
लंदन। ब्रिटेन के वित्तमंत्री ऋषि सुनक ने जून 2020 में कोरोनावायरस (Coronavirus) कोविड-19 लॉकडाउन (Covid Lockdown) का उल्लंघन करने के लिए माफी मांगी है और नियम तोड़ने को लेकर अपने ऊपर लगाया गया जुर्माना भी भरा है।

उल्लेखनीय है कि उस वक्त वह प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के लिए डाउनिंग स्ट्रीट में एक जन्मदिन पार्टी में शरीक हुए थे। भारतीय मूल के मंत्री ने मंगलवार शाम जारी एक बयान में माफी मांगी। इससे पहले जॉनसन ने भी माफी मांगी थी और इस बात की पुष्टि की थी कि उन्होंने भी जुर्माना भरा है। ऋषि इन्फोसिस के संस्थापक नारायणमूर्ति के दामाद हैं।

तथाकथित पार्टी गेट कांड डाउनिंग स्ट्रीट पर और व्हाइट हॉल में ब्रिटिश सरकार के अन्य कार्यालयों में हुआ था। ये कार्यक्रम कोविड-19 महामारी के चलते 2020-21 के दौरान लगाए लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए आयोजित किए गए थे, जो ऑपरेशन हिलमैन के तहत पुलिस जांच के दायरे में है।

सुनक (41) ने अपने एक बयान में कहा कि मैं यह पुष्टि कर सकता हूं कि मैंने 19 जून को डाउनिंग स्ट्रीट पर हुए एक कार्यक्रम के सिलसिले में मेट्रोपोलिटन पुलिस से एक निर्धारित जुर्माना नोटिस प्राप्त किया है।

मंत्री ने कहा कि मैं माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि सार्वजनिक पदों पर आसीन लोगों के लिए नियमों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए ताकि जन विश्वास कायम रहे। मैं इस सिलसिले में लिए गए फैसले का सम्मान करता हूं और जुर्माना अदा कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि हाल में उन्हें अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के अनुचित कर बचत को लेकर लगाए गए आरोपों का सामना करना पड़ा था।(भाषा)
अगला लेख
Delhi Corona Update: दिल्ली-NCR में Corona ने फिर दी दस्तक, कोविड पॉजिटिविटी रेट 2.7% पहुंचा