शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. British election
Written By
Last Modified: लंदन , गुरुवार, 7 मई 2015 (17:26 IST)

भारतीय मूल के उम्मीदवार ‍भी ब्रिटिश चुनाव मैदान में!

भारतीय मूल के उम्मीदवार ‍भी ब्रिटिश चुनाव मैदान में! - British election
लंदन। ब्रिटेन के राजनीतिक दलों ने भारतवंशी मतदाताओं को लुभाने के लिए गुरुवार को हो रहे आम चुनाव में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। भारतीय समुदाय यहां के चुनाव में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
 
2010 में हुए आखिरी चुनाव में नया रिकॉर्ड बना था, जब भारतीय मूल के 8 उम्मीदवार ब्रिटिश  लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उनमें 2 महिलाएं सत्तासीन कंजरवेटिव पार्टी की प्रीति पटेल और  विपक्षी लेबर पार्टी की वैलरी वाज शामिल थीं। बाद में 2011 में एक उपचुनाव में लेबर पार्टी की सीमा  मल्होत्रा ने भी जीत दर्ज की थी।
 
2015 के चुनाव में हर बड़ी पार्टी ने जातीय अल्पसंख्यक मतदाताओं को लुभाने के लिए अपने सांसदों में जातीय अल्पसंख्यक सांसदों की बड़ी संख्या होने का वादा किया है।
 
इस चुनाव में भारतीय मूल के कुल 59 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें कंजरवेटिव पार्टी के 17, लेबर  पार्टी के 14, लिबरल डेमोक्रेट्स के 14, ग्रीन पार्टी के 4, यूनाइटेड किंगडम इंडिपेंडेंस पार्टी के 3, 2  निर्दलीय और ऑल पीपुल्स पार्टी, क्रिश्चन मूवमेंट फार ग्रेट ब्रिटेन, नेशनल लिबरल पार्टी, सोशलिस्ट लेबर पार्टी एवं यंग पीपुल्स पार्टी का 1-1 उम्मीदवार शामिल हैं।
 
प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कई बार कहा कि उन्हें भरोसा है कि देश का ‘पहला एशियाई या अश्वेत प्रधानमंत्री’ उनकी कंजरवेटिव पार्टी से होगा। (भाषा)