BLA : पाकिस्तान की नाक में दम करने वाला बीएलए कितना घातक और किस उद्देश्य के लिए लड़ रहे हैं 6000 लड़ाके
BLA News : पाकिस्तान में क्वेटा के निकट बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बलूचिस्तान इलाके में जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर 100 से ज्यादा यात्रियों को बंधक बना लिया। क्वेटा से पेशावर जा रही इस ट्रेन में 500 से ज्यादा यात्री सवार हैं। बीएलए ने साथ ही चेतावनी भी दी है कि अगर उनके खिलाफ सैन्य कार्रवाई हुई तो वे सभी बंधकों को मार डालेगा। आखिर कौन हैं बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी (BLA) और क्या इसका मकसद-
पाक सेना को परिणाम भुगतने की धमकी : ट्रेन हाईजैक के बाद बीएलए ने पाकिस्तानी सेना को कार्रवाई करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। बीएलए ने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तानी सेना ने कोई सैन्य कार्रवाई करने की कोशिश की तो इसके गंभीर परिणाम होंगे और सभी सैकड़ों बंधकों को मार दिया जाएगा।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय एक सशस्त्र विद्रोही संगठन है। यह अभी भी पाकिस्तान के लिए एक बड़ा सुरक्षा खतरा बना हुआ है। पाकिस्तान की सेना इस संगठन को कुचलने की कोशिश कर रही है, लेकिन बलूचिस्तान में कई स्थानीय लोगों का समर्थन इसे मिलता रहा है। पाकिस्तान सरकार ने BLA को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है। अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों ने भी इसे आतंकवादी संगठन माना है।
6000 लड़ाकों का ग्रुप : BLA जब 2000 में बना था तब इसकी सैन्य ताकत लगभग 6,000 लड़ाकों की बताई जाती थी। BLA की कुल सैन्य शक्ति का अंदाजा स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। BLA के पास वर्तमान में 1,000-1,500 लड़ाके हैं। कुछ नई खबरों में कहा गया है कि BLA के लड़ाकों की संख्या घटकर सिर्फ 600 के करीब रह गई है। हालांकि समय के साथ इसके सदस्यों की संख्या में गिरावट आई है। मजीद ब्रिगेड BLA का एक खास आत्मघाती दस्ते का ग्रुप है, जिसमें लगभग 100-150 आत्मघाती हमलावर शामिल बताए जाते हैं।
क्या है इसका उद्देश्य : इस संगठन की मांग है कि बलूचिस्तान को आजाद किया जाएगा। BLA की स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई थी। इस संगठन का दावा है कि वह बलूच लोगों के अधिकारी की रक्षा करता है और उसका उद्देश्य बलूचों को स्वतंत्रता दिलाना है। यह संगठन विशेष रूप से पाकिस्तान की सेना, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीनी निवेश परियोजनाओं को निशाना बनाता है। BLA गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाता है। यह पाकिस्तानी सेना, पुलिस और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमले करता है। खासतौर पर BLA, चीन-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) के खिलाफ है। Edited by : Sudhir Sharma