बलूच नेता जीयंद ने पाकिस्तान पर साधा निशाना, बोले- उसके हाथ खून से रंगे हुए हैं, भारत से भाईचारे की हर बात एक धोखा
बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके हाथ खून से रंगे हुए और उसका हर वादा लहू से लथपथ है। बीएलए ने क्षेत्रीय बदलाव की चेतावनी देते हुए कहा है कि साउथ एशिया में 'एक नई व्यवस्था जरूरी हो गई है।' इस संगठन ने बलूचिस्तान में पाक सेना पर हो रहे हमलों को विदेशी प्रॉक्सी होने के दावों से इंकार किया है। ग्रुप ने खुद को आने वाले वक्त में इलाके की एक गतिशील और निर्णायक पार्टी करार दिया है। बीएलए ने दावा किया कि उसने पाकिस्तानी सैन्य और खुफिया ठिकानों को निशाना बनाते हुए बलूचिस्तान में 51 से ज्यादा जगहों पर 71 हमले हमले किए।
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने कहा कि हम इस बात को पूरी तरह खारिज करते हैं कि बलूच प्रतिरोध किसी दूसरे देश या शक्ति का प्रतिनिधि है। बीएलए न तो मोहरा है और न ही मूकदर्शक। हम अपनी भूमिका के बारे में पूरी तरह से सचेत हैं। बीएलए ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने और भ्रामक बयानबाजी करने का भी आरोप लगाया। भारत को संबोधित करते हुए बीएलए ने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से शांति, युद्ध विराम और भाईचारे की हर बात महज एक धोखा, जंग की रणनीति और एक अस्थाई चाल है।
51 से ज़्यादा जगहों पर हमला : बीएलए ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए दावा किया कि उसने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों के खिलाफ़ बड़े पैमाने पर हमला किया है। जीयंद बलूच के मुताबिक, इस हफ्ते की शुरुआत में भारत-पाकिस्तान सैन्य तनाव के चरम पर रहा था। इस दौरान बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तानी सेना के लिए एक और मोर्चा खोल दिया। इसने कब्जे वाले बलूचिस्तान में 51 से ज़्यादा जगहों पर 71 हमले किए, जो कई घंटों तक चले।
बलूच ने कहा कि उनके निशाने पर सैन्य काफिले, खुफिया केंद्र और खनिज परिवहन वाहन शामिल थे। इन हमलों का मकसद केवल दुश्मन को खत्म करना नहीं था, बल्कि आने वाले समय में मजबूत जंग के लिए तैयारी को ठोस करने के लिए सेना की तैयारी, जमीनी कंट्रोल और डिफेंस स्थिति को जांचना था।
बीएलए ने पाक सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई पर भी आरोप लगाया और इसे आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली जगह बताया। जीयंद ने कहा कि पाकिस्तान न सिर्फ ग्लोबल आतंकवादियों को बढ़ावा देने की जगह है, बल्कि लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और आईएसआईएस जैसे घातक आतंकवादी समूहों के राज्य प्रायोजित विकास का केंद्र भी रहा है। आईएसआई इस आतंकवाद के पीछे का नेटवर्क है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें