1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Congress cyclothon rally begins, will go from Indore to Bhopal

कांग्रेस की साइक्लोथॉन रैली शुरू, इंदौर से जाएगी भोपाल, गांधी प्रतिमा के सामने कचरा फैलाया, लगा 2 हजार का स्पॉट फाइन

Congress cyclothon
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इंदौर से सोमवार सुबह साइक्लोथॉन की शुरुआत की। यह यात्रा नीट-यूजी और सीबीएसई परीक्षा में कथित गड़बड़ी, पेपर लीक तथा बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर निकाली जा रही है। इसमें बडी संख्‍या में साइकिल चलाने वाले लोग शामिल हुए हैं। इंदौर से चलकर यह पूरी यात्रा भोपाल जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह यात्रा दो दिन में भोपाल पहुंचेगी। हालांकि यात्रा की शुरुआत में इंदौर में कांग्रेस को फाइन जमा करना पडा। दरअसल, कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा के दौरान गांधी प्रतिमा के सामने कचरा फैला दिया गया था।

भाजपा प्रवक्ता जेपी मूलचंदानी ने इसकी शिकायत इंदौर नगर निगम अधिकारियों को की। सोशल मीडिया पर कचरा फैले होने का वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इसके बाद एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम 2,000 रुपए का स्पॉट फाइन किया गया।

देवास, सीहोर और भोपाल से जुड़ेंगे लोग : बता दें कि इस यात्रा की शुरुआत में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए, जबकि रास्ते में देवास, सीहोर और भोपाल जिले से भी लोग इस अभियान से जुड़ेंगे। देवास में जीतू पटवारी ने कहा- हमारी मांग है कि हर पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच हो। हर पेपर लीक के पीछे बीजेपी के ही माफिया क्यों होते हैं? शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। पटवारी ने आगे कहा कि, राहुल गांधी ने छात्रों की आवाज और देश के भविष्य की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है। युवाओं और छात्रों की उसी आवाज के समर्थन में यह यात्रा निकाली जा रही है। हालांकि, यह मगरमच्छ की मोटी चमड़ी वाली सरकार है, इस पर शायद असर न पड़े, लेकिन जनता पर जरूर पड़ेगा और जनता बदलाव लाएगी। हमारी यह लड़ाई जारी रहेगी।

2 हजार रुपए का स्पॉट फाइन: इंदौर में कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा के दौरान गांधी प्रतिमा के सामने कचरा फैलाने के मामले में नगर निगम ने कार्रवाई की है। भाजपा प्रवक्ता जेपी मूलचंदानी ने इस मुद्दे को उठाया था। इसके बाद एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम 2,000 रुपए का स्पॉट फाइन किया गया।