1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. BJP members are fighting among themselves

कांग्रेस से नहीं, भाजपा वाले आपस में ही लड़ रहे हैं, पानी भरने को लेकर भिड़े भाजपा नेता और पार्षद

indore water crisis
इंदौर में कांग्रेस तो भाजपा वालों से लड़ने से रही। उनका आपस में ही कुछ ठीक नहीं चल रहा है, ऐसे में अब भाजपा वालों के पास भी लड़ने वाला कोई नहीं है तो वे भी आपस में लड़ रहे हैं। आजाद नगर में पानी भरने को लेकर विवाद हो गया।

ये हिंसक झड़प भाजपा वालों के बीच ही हुई। भाजपा नेता और पार्षद समर्थकों के बीच हुए विवाद में पथराव, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। मामला थाने पहुंचा तो वहां भी हंगामा हुआ।

आजाद नगर क्षेत्र में हाइड्रेंट पर उस वक्त विवाद हो गया, जब एक भाजपा नेता नीले ड्रम लेकर पानी भरने पहुंचा। उनका आरोप है कि पार्षद मलखान सिंह कटारिया ने उसे पानी भरने से रोका। इससे विवाद बढ़ गया और भाजपा नेता व पार्षद की तरफ से लोग आ पहुंचे। बात बिगड़ती चली गई और दोनों पक्षों ने पथराव किया तथा वाहनों के कांच भी फोड़ दिए। विवाद के कारण चार लोगों को चोटें आई हैं।

बाद में दोनों पक्ष रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचे तो वहां भी विवाद हो गया। भीड़ ज्यादा होने पर पुलिस को लाठियां भांजकर भीड़ को थाने से हटाना पड़ा। नगर निगम के हाइड्रेंट पर रोज वाहनों से पानी भरा जाता है। भाजपा नेता केशव मीणा रात को ऑटो रिक्शा में खाली ड्रम लेकर पानी भरने पहुंचा था, लेकिन वहां दूसरे टैंकर भर रहे थे। इस कारण पार्षद कटारिया ने पानी भरने से रोक दिया। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस बीच पार्षद के एक समर्थक ने बिजली का कटआउट निकाल दिया, जिससे पानी की सप्लाई बंद हो गई। इससे बात और बढ़ गई।

इसके बाद पार्षद का बेटा बिज्जू भी मौके पर आ गया। उसने केशव और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और ऑटो रिक्शा के कांच फोड़ दिए। इसके बाद केशव और उसके साथियों ने भी पत्थर बरसाना शुरू कर दिए। इस कारण बिज्जू के सिर पर चोट आई और उसे अस्पताल में इलाज के लिए ले जाना पड़ा।बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंचे तो वहां भी विवाद नहीं थमा। देर रात तक थाने पर हंगामे की स्थिति बनी रही। कुछ भाजपा नेताओं ने भी हस्तक्षेप कर मामला सुलझाने की कोशिश की।
Edited By: Naveen R Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
अब स्मार्टफोन की तरह अपडेट होगा आपका Electric Scooter! OTA अपडेट से बढ़ सकती है रेंज और परफॉर्मेंस