Jyoti Malhotra Pakistan Spying Case: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान के आतंक के ठिकानों को तबाह कर दिया। अब देश में छिपे गद्दारों की बारी है। इसके लिए ऑपरेशन 'मीर जाफर' चलाया जा रहा है। मीर जाफर को देश के सबसे बड़े गद्दार के तौर पर याद किया जाता है।
मीर जाफर लंबे समय से एक ऐसा प्रतीक रहा है जिसका इस्तेमाल विश्वासघात के रूप में किया जाता है। सुरक्षा बलों और एजेंसियों ने ऑपरेशन मीर जाफर चलाया। इस ऑपरेशन में ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो रही है जिन्होंने भारत के बारे में संवेदनशील जानकारी दुश्मन देश की खुफिया एजेंसी आईएसआई को उपलब्ध कराई। इसी ऑपरेशन मीर जाफर का नतीजा है यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की गिरफ्तारी।
अब तक 13 गिरफ्तारी
पाकिस्तान के लिए जासूसी (Pakistan Spy) मामलों में अब तक 13 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की सूची में तमाम तरह के लोग हैं। यूट्यूबर, स्टूडेंट, व्यवसायी, गार्ड हर स्तर के लोग पैसों की लालच में पाकिस्तान को देश की संवेदनशील जानकारियां देते थे। अब इन सभी पर पुलिस और देश की सुरक्षा एजेंसियां ने शिकंजा कसा है।
अब तक कौन-कौन हुआ गिरफ्तार
1. ज्योति मल्होत्रा : हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने के आरोप हैं। वह कई पाकिस्तान और चीन गई। संवेदनशील जानकारियां व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स से भेजी। वह पहलगाम भी गई थी। अपने वीडियो से पाकिस्तान के लिए झूठा प्रोफेगेंडा फैला रही थी। पाकिस्तान में कई आईएस अधिकारियों से मिली।
2. अरमान : अरमान को 17 मई को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अरमान पर दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक कर्मचारी के जरिए भारतीय सेना और अन्य सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान के साथ साझा करने का आरोप लगाया है।
3. सुखप्रीत सिंह : सुखप्रीत सिंह ने पंजाब के गुरदासपुर में सेना की गतिविधियों समेत ऑपरेशन सिंदूर के बारे में गोपनीय जानकारी ISI ऑपरेटर्स को दी। इसके बदले उसे ISI हैंडलर्स से 1 लाख रुपए भी लिए थे। सुखप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
4. शहजाद : उत्तरप्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने रविवार को यूपी के रामपुर के टांडा कस्बे में एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस शहजाद को गिरफ्तार किया। उस पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस) के लिए काम करने का आरोप था।
5. देवेंद्र सिंह : मीडिया खबरों के मुताबिक देवेंद्र एक पूर्व सैन्यकर्मी का बेटा है। उसे हरियाणा के कैथल जिले के मस्तगढ़ गांव से पकड़ा गया है। फेसबुक के जरिए वह एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में आया। 5 से 10 हजार रुपए के बदले उसे गोपनीय सैन्य जानकारियां भेजता था। उसके पास से पुलिस को संवेदनशील नक्शे और दस्तावेज मिले हैं।
6. गजाला खातून : गजाला खातून को पंजाब के मलेरकोटला से गिरफ्तार किया गया है। वह पाकिस्तान का वीजा लगवाने के लिए अक्सर हाई कमिशन जाती थी। उसकी ये गतिविधि शक के घेरे में थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।
7. यमीन मोहम्मद : यमीन पाकिस्तान हाईकमीशन में काम करने वाले दानिश नाम के शख्स से संपर्क में था। उस पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का गंभीर आरोप है।
8. नोमान इलाही : नोमान इलाही को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तारी किया गया है। वह एक 'डार्क वेब' जासूस था। नोमान पेशे से कंप्यूटर ऑपरेटर है। काम की आड़ में वह पाकिस्तान को भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी भेजता था। USB ड्राइव और नकदी के बदले संवेदनशील डाटा डार्कनेट पर अपलोड करने की बात उसने खुद स्वीकारी है।
9. मुर्तजा अली : मुर्तजा अली को गुजरात पुलिस की छापेमारी में पंजाब के जालंधर से गिरफ्तार किया गया है। वह खुद बनाए मोबाइल एप से पाक खुफिया एजेंसी ISI को जानकारी भेजता था। पुलिस ने उसके पास से चार मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।
10. मोहम्मद तारीफ : मोहम्मद तारीफ को हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने पाकिस्तान हाईकमिशन के 2 अधिकारियों के संपर्क की बात कबूल की है। ये अधिकारी उसे सिम कार्ड देते थे। उसे सिरसा जाकर एयरपोर्ट की तस्वीरें भेजने के निर्देश दिए गए थे। मीडिया खबरों के मुताबिक वह एक झोलाछाप डॉक्टर है।
11. करनबीर सिंह : करनबीर सिंह को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया है। वह ISI के सीधे संपर्क में था। उस पर आरोप है कि पिछले कई दिनों से वह भारतीय सेना से जुड़ी जानकारी उनको भेज रहा था। करनबीर पर ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
12. पलक शेर और सूरज मसीह : पंजाब के अमृतसर से 4 मई को पलक शेर मसीह और सूरज मसीह को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों पर आरोप है कि उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के ऑपरेटिव्स को सेना के कैंटोनमेंट और एयरबेस की तस्वीरें और जानकारी भेजी। इनकी गिरफ्तारी हरप्रीत सिंह उर्फ पिट्टू के जरिए हुई, जो फिलहाल अमृतसर सेंट्रल जेल में बंद है।
13. प्रियंका सेनापति : पुरी की यूट्यूबर प्रियंका सेनापति भी जांच के दायरे में आ गई हैं। यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा एवं प्रियंका सेनापति के लिंक को लेकर पुरी पुलिस ने छानबीन शुरू की है। प्रियंका पर फिलहाल कोई आरोप नहीं है, लेकिन ज्योति मल्होत्रा से उनकी दोस्ती और पाकिस्तान यात्रा के चलते उन पर नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने पिछले साल ज्योति को पुरी में जगन्नाथ मंदिर भी दिखाया था। दोनों की पहचान यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इनपुट एजेंसियां Edited by: Sudhir Sharma