• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. स्वतंत्रता दिवस
  4. Independence day
Written By

ये बात है उन दीवानों की...

Independence day
रामजी मिश्र 'मित्र', सीतापुर से
 
स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारतवासियों ने अंग्रेजों के अत्याचार सहे और उनके विरुद्ध संघर्ष किया। कुर्बानियां भी दीं। उत्तर प्रदेश का सीतापुर जिला भी इससे अछूता नहीं था। यहां के लोग भी आजादी के लिए तन-मन-धन से जुटे हुए थे। अत्याचारों के बावजूद वे अपने पथ से डिगे नहीं। 
 
किसी से कम न था सीतापुर : भारत की आजादी के संबंध में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कहना बिलकुल न्यायोचित होगा कि सीतापुर जिले की धरती शुरुआत से ही बलिदानी अमर सपूतों की कोख रही है। 1857 की क्रांति में भी अवध प्रांत को इस जिले से 2000 सैनिकों के जत्थे की सहायता मिली थी।
 
हालांकि 1858 में लखनऊ पर अंग्रेजों ने पताका फहरा ली, लेकिन सीतापुर जिला अपनी बहादुरी के चलते काफी बाद तक स्वतंत्र रहा। जिले का सारा क्षेत्र अक्टूबर 1858 तक अंग्रेजों के कब्जे से बाहर रहा, जो यहां के सपूतों की बहादुरी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
 
मितौली के राजा लोनेसिंह (जनपद लखीमपुर, उत्तरप्रदेश), बख्शी हरप्रसाद और फिरोजशाह ने अंग्रेजों के इरादों को बार-बार नेस्तनाबूद करते हुए खूब छकाया। खैराबाद के बख्शी राजा हरप्रसाद के कारण सीतापुर का अंतिम मोर्चा था। हरप्रसाद की बहादुरी की प्रशंसा शत्रुओं को भी करनी पड़ी।
 
बाद में अंग्रेजों की बड़ी भारी सेना ने इस मोर्चे का घेराव शुरू किया। हरप्रसाद अकेले पड़ गए थे और अंततः निराशा में डूबकर वे अपनी बेगम के साथ नेपाल चले गए। उनके जाते ही सीतापुर पर अंग्रेजों का पुनः अधिकार हो गया। इसके बाद यहां के नैमिषारण्य में काफी दिनों तक क्रांतिकारियों का समागम होता रहा।
 
सीतापुर में गोलीकांड (18 अगस्त 1942) : बात 18 अगस्त 1942 की है। सीतापुर जिले का मोतीलाल बाग उन दिनों सार्वजनिक कार्यों एवं प्रदर्शनों का प्रमुख स्थान था। इसे वर्तमान में लालबाग के नाम से भी जाना जाता है। यहां एक सभा थी। इस सभा को देखकर बौखलाए अधिकारियों ने पहले लाठीचार्ज करवाया और फिर गोली चलवा दी। अंधाधुंध गोलियां बरसाई जाने लगीं। 300 से 400 के लगभग लोग घायल हो गए। अधिकारियों के गोलीकांड और गुंडई के तांडव से अनेक वीर शहीद हो गए। इनमें कल्लूराम पुत्र टेलूराम, जो मोतीलाल बाग सीतापुर के ही थे, शहीद हो गए।
 
इसके अतिरिक्त जिले के मधवापुर के बहादुर चंद्रभाल मिश्र, मोतीलाल बाग के उत्तर में पड़ी मड़ैया में रहने वाले वीर बाबू भुर्जी, हाजीपुर निवासी मैकूलाल, कैमहरा का सपूत मुन्नेलाल और आंट मिश्रिख के निवासी मोहर्रम अली आदि शहीद होकर अपना नाम अमर कर गए। 
 
देशभक्तों की बड़ी-बड़ी बैठकें : सन 1924 में जिले में प्रांतीय राजनीतिक सम्मलेन हुआ। सभा 18 अक्टूबर को मौलाना शौकत अली की अध्यक्षता में मोतीलाल बाग में हुई। उक्त सभा में मौलाना मुहम्मद अली, पं. मोतीलाल नेहरू, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. सैयद महमूद आदि उपस्थित थे।
 
गांधीजी भी इस सभा में हिस्सा लेने आए थे। गांधीजी ने यहां पर चरखा और खद्दर पर जोर दिए जाने की बात कही। गांधीजी ने लोगों को संबोधित करते हुए खासकर हिन्दुओं से अनुरोध किया कि वे अस्पृश्यता के कलंक को दूर करें। उन्होंने अपने भाषण के दौरान विभिन्न देशहित की बातें लोगों के सामने रखीं। आमतौर पर सीतापुर जिला आजादी से जुड़े हर आंदोलन में सक्रिय रहा।
 
स्वतंत्रता सेनानियों की अमर गाथाएं : अंग्रेजी हुकूमत ने सीतापुर के कई सेनानियों को घोर यातनाएं और सजाएं दीं। जिले के धंधार डाक बांसुड़ा में रहने वाले अयोध्या नाथ को 1930 में 3 मास की कैद की सजा दी गई। वे नमक सत्याग्रह आंदोलन से सक्रियता से जुड़े रहे थे।
 
जिले के ही एक अन्य अयोध्यानाथ नामक स्वतंत्रता प्रेमी को लगान बंदी आंदोलन के दौरान एक मास की कड़ी कैद की सजा सन 1932 में दी गई। ये तंबौर के बेड़लिया गांव के थे। इनके पिता का नाम भगवान था।
 
इसके अतिरिक्त अर्जुन प्रसाद (सिधौली), अली हुसैन (लहरपुर), अवध बिहारी (बिसवां), इलाही बख्श (कमलापुर), कन्हैयालाल (कुंवरपुर), कमला प्रसाद (बढ़ैया, महोली), अंगने लाल (महोली), ओरी लाल (नरनी कठिघरा), गया प्रसाद (नेरी), गिरिजा दयाल (बड़ागांव) और जमुनादीन (चतुरैया) आदि अनेक वीरों के नाम भी प्रमुखता से लिए जाते हैं।
 
जिले के नेरी के मनोहरलाल मिश्र ने सीतापुर के कोषागार पर भारतीय ध्वज शान से फहराकर अंग्रेजी शासन के सामने अपनी वीरता का डंका बजा दिया था। ये इतने देशभक्त थे कि इन्होंने अपने भाई की शराब की दुकान की सारी बोतलें ही तोड़ दीं।
 
सीतापुर के लाल ने ठुकरा दी पेंशन : मनोहरलाल मिश्र ने कभी पेंशन नहीं ली। उन्होंने कहा कि देशसेवा पुनीत कर्तव्य होता है और उसके लिए पेंशन की कोई जरूरत नहीं होती। उनका कहना था कि वे न तो किसी पेशे से जुड़े थे न ही सरकारी नौकर थे, जो वे इसके हकदार हैं। इस प्रकार के देशभक्त सपूतों की जननी है सीतापुर जिला।
 
ब्रह्मावली का लाल : जिले के ब्रह्मावली गांव के सीताराम को सब समझाते-बुझाते कि देखो तुम पर घर-गृहस्थी का भार है, लड़के, बच्चे और पत्नी भूखों मर रहे हैं। तुमको परिवार की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। इन आंदोलनों के लिए हम सब लोग हैं। इस पर सीताराम त्रिवेदी जवाब देते कि 'समझ लो मैं मर गया।'
 
बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लखनऊ कारागार भेज दिया गया। वहां वे हर रोज 'भारतमाता की जय' बोलते और नतीजन उन्हें कोड़ों से मार-मारकर निर्दयता से लहूलुहान कर दिया जाता। वे अपनी देशभक्ति छोड़ नहीं पाते थे, नतीजन उन्हें घोर यातनाएं दी जाने लगीं। इसी कारण वे बहुत कमजोर हो गए थे। घर आकर वे मात्र 6 माह ही जीवित रह सके।
 
जेल, फांसी और कालापानी हनुमान प्रसाद की जुबानी  : सीतापुर जिले के ब्रह्मावली गांव की धरती पर यूं तो बहुत से रणबांकुरे हुए हैं जिनमें मुकुट बिहारी त्रिवेदी (द्वितीय विश्वयुद्ध योद्धा), सीताराम त्रिवेदी (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी) और हनुमान प्रसाद अवस्थी (स्वतंत्रता संग्राम सेनानी) आदि प्रमुख हैं।
 
इन महान विभूतियों में हनुमान प्रसाद अवस्थी, जो कि लगभग 104 वर्ष के आसपास के होंगे, आज भी हमारे बीच मौजूद हैं। इनकी आवाज अब बिलकुल भी स्पष्ट नहीं है, फिर भी जैसे-तैसे हमने उन्हें समझने का प्रयास करते हुए बात की।
 
उन्होंने बताया कि उस समय अंग्रेजों ने न जाने कितने साथियों को जेल, फांसी और कालापानी की सजा दे दी थी। परतंत्र देश में भय का माहौल था। जेलों में नवीनतम ढंग के यातनाओं के साधन मौजूद थे। हनुमान प्रसाद अवस्थी पर भी सरकार के खिलाफ बगावत का अपराध घोषित हुआ था।
 
उन्होंने जगह-जगह लोगों में देशप्रेम और सरकार के खिलाफ बगावत का आह्वान किया, नतीजतन 9 फरवरी 1941 ईसवीं को वे गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए। इन्हें चुनार जेल में 1 साल की सजा काटनी पड़ी और 30 रुपए अर्थदंड भरना पड़ा।
 
आज भी सीतापुर की धरती पर पाकिस्तान से युद्ध लड़े त्रिभुवननाथ त्रिवेदी (ब्रह्मावली), संयुक्त राष्ट्र संघ को सेवाएं देने वाले और कारगिल युद्ध के समय से कार्यरत जांबाज हवलदार गोपाल कांत (ब्रह्मावली) वीरता की परिपाटी जीवित रखते हुए लगातार जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। देश के लिए पराक्रम के साथ शहादत में भी यह जिला किसी से आज भी पीछे नहीं है। कारगिल युद्ध में शहीद भारतमाता के सपूत कैप्टन मनोज पांडेय ने भी सीतापुर को गौरवान्वित किया। इनके शौर्य और पराक्रम के बलबूते आने वाली पीढ़ी देश पर आस्था के साथ बलिदान होने की गाथा को युगों-युगों तक दोहराती नजर आती रहेगी। 
 
* अमृतसर की धरती पर और भी बहुत रक्तपात हुआ जिनमें वीरों ने अपने खून से पराधीनता के खिलाफ लड़ी गई जंग की कहानी लिखी। भारत के ऐसे बलिदानी वीर सपूतों में कई ऐसे सपूत भी रहे, जो गुमनाम हैं या कह सकते हैं जिन्हें हम आज तक नहीं जानते।
 
बहुत से बलिदानियों का नाम लिखकर इतिहास ने खुद का मान बढ़ाया तो बहुत से बलिदानियों ने इतिहास को यह मौका न देकर उससे उसका हक छीन लिया और इतिहास उनकी गौरव गाथा से वंचित होकर रह गया।
 
आजादी की जंग की घटनाओं में वीरों ने अपनी खून की बूंदों से हमारे स्वर्णिम आज को हमारे हाथ में सौंप दिया। उनके देशप्रेम और वीरगाथाओं के कई ऐसे स्थान हैं, जो न सिर्फ उनकी गौरवगाथा का गुणगान करते नजर आ रहे हैं बल्कि उनके देश के प्रति सद्भाव का सच्चा व प्रत्यक्ष प्रमाण भी खुद को चीख-चीखकर बताते नजर आ रहे हैं।