1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार

स्नेह निर्झर बह गया है

सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की कविता

स्नेह निर्झर
NDND
स्नेह निर्झर बह गया है
रेत ज्यों तन रह गया है

आम की यह डाल जो सूखी दिखी
कह रही है-'अब यहाँ पिक या शिखी
नहीं आते
पंक्ति मैं वह हूँ लिखी
नहीं जिसका अर्थ-'
जीवन ढह गया है।

दिए हैं मैंने जगत को फूल फल
किया है अपनी प्रभा से चकित चल
पर अनश्वर था सकल पल्लवित पल
ठाठ जीवन का वही
जो ढह गया है।

अब नहीं आती पुलिन पर प्रियतमा
श्याम तृण पर बैठने को निरूपमा
बह रही है हृदय पर केवल अमा
मैं अलक्षित हूँ यही
कवि कह गया है।