फादर्स डे 2025: इन 5 सुपरफूड्स को डाइट में जरूर करें शामिल, हर पुरुष की सेहत के लिए हैं बेहद जरूरी
foods that all men need in their diet: पिता के त्याग, मेहनत और निःस्वार्थ प्रेम को सम्मान देने का एक खास मौका होता है फादर्स डे। इस साल, फादर्स डे 2025 15 जून को मनाया जाएगा और यह दिन एक बार फिर हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या हम अपने पापा की सेहत का भी उतना ही ख्याल रखते हैं, जितना वह हमारा रखते हैं?
आज की भागदौड़ और स्ट्रेस भरी ज़िंदगी में पुरुषों को कई तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ रहा है जैसे हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, हॉर्मोनल असंतुलन और हार्ट डिजीज़। ऐसे में सिर्फ रेगुलर एक्सरसाइज ही नहीं, बल्कि एक संतुलित और न्यूट्रिशनल डाइट भी बेहद जरूरी है।
इस खास मौके पर हम आपके लिए लेकर आए हैं 5 ऐसे सुपरफूड्स, जिन्हें हर पुरुष को अपनी डेली डाइट में शामिल करना चाहिए। ये न केवल उनकी एनर्जी बढ़ाएंगे, बल्कि लॉन्ग टर्म हेल्थ के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होंगे।
1. अखरोट (Walnuts)
अखरोट को ब्रेन फूड कहा जाता है, लेकिन यह हार्ट हेल्थ के लिए भी एक सुपरफूड है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड्स पुरुषों के शरीर में गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है और ब्लड प्रेशर को बैलेंस करता है। अगर आपके पापा 40+ की उम्र पार कर चुके हैं, तो अखरोट को रोजाना की डाइट में शामिल करना उनकी हार्ट हेल्थ के लिए एक प्रीमियम गिफ्ट से कम नहीं होगा।
2. ब्रोकली (Broccoli)
ब्रोकली एक ऐसा सब्जी है, जिसे पुरुषों को कभी नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। यह सल्फोराफेन नामक एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है, जो प्रोस्टेट कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से लड़ने में मदद करता है। ब्रोकली को भाप में पका कर, सूप या सलाद में शामिल किया जा सकता है। इसे हफ्ते में कम से कम 3 बार खाना पुरुषों के लिए बेहद फायदेमंद होता है।
3. टमाटर (Tomatoes)
टमाटर में पाया जाने वाला लायकोपीन (Lycopene) एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो पुरुषों को हृदय रोग, प्रोस्टेट कैंसर और एजिंग के असर से बचाने में मदद करता है। खास बात यह है कि पके हुए टमाटर जैसे सूप, सॉस या करी में इस्तेमाल किए गए टमाटर, इस एंटीऑक्सीडेंट को शरीर में ज्यादा अच्छे से अवशोषित कराते हैं।
4. अंडा (Egg)
अगर आपके पापा की दिनचर्या में प्रोटीन की कमी है या वे जल्दी थक जाते हैं, तो अंडा उनकी डाइट में जरूर होना चाहिए। एक अंडा करीब 6 ग्राम प्रोटीन और पर्याप्त मात्रा में विटामिन D देता है, जो हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। अंडा पुरुषों के टेस्टोस्टेरोन लेवल को भी बनाए रखने में सहायक होता है, जिससे उनकी एनर्जी और मूड दोनों बेहतर रहता है।
5. राजमा और चना (Legumes)
राजमा, चना, मसूर जैसी दालें पुरुषों की डाइट के लिए एक कंप्लीट पैकेज हैं। इनमें हाई फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है। साथ ही ये शाकाहारी पुरुषों के लिए प्रोटीन का एक उम्दा विकल्प हैं। इन्हें सलाद, सूप या करी के रूप में शामिल करें और देखें कि कैसे इनसे सेहत में फर्क आता है।
अस्वीकरण (Disclaimer) : सेहत, ब्यूटी केयर, आयुर्वेद, योग, धर्म, ज्योतिष, वास्तु, इतिहास, पुराण आदि विषयों पर वेबदुनिया में प्रकाशित/प्रसारित वीडियो, आलेख एवं समाचार जनरुचि को ध्यान में रखते हुए सिर्फ आपकी जानकारी के लिए हैं। इससे संबंधित सत्यता की पुष्टि वेबदुनिया नहीं करता है। किसी भी प्रयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

