1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. गुजरात
  4. pm-modi-gujarat-visit-world-environment-day-highway-projects-surat
Last Updated : गुरुवार, 4 जून 2026 (14:46 IST)

विश्व पर्यावरण दिवस पर पीएम मोदी का गुजरात दौरा, दक्षिण गुजरात को मिलेगी 12,421 करोड़ की सौगात

विश्व पर्यावरण दिवस पीएम मोदी गुजरात दौरा
World Environment Day PM Modi Gujarat visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुजरात के सूरत दौरे पर आ रहे हैं। इस विशेष यात्रा के दौरान वे दक्षिण गुजरात क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 12,421 करोड़ रुपए की विशाल राष्ट्रीय राजमार्ग (नेशनल हाईवे) परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं दक्षिण गुजरात सहित पूरे राज्य में रोड कनेक्टिविटी को बेहद मजबूत करेंगी और स्थानीय आर्थिक विकास को नई गति देंगी। पीएम मोदी इस दौरे पर वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज का उद्घाटन करने के साथ-साथ चार अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

7,689 करोड़ की लागत से तैयार वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेज देश को होंगे समर्पित

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो महत्वपूर्ण सेक्शन देश को समर्पित करेंगे। इसमें ₹7,689 करोड़ की लागत से तैयार 36 किलोमीटर लंबा किम-एना सेक्शन (पैकेज 6) और 27.50 किलोमीटर लंबा गांडेवा-एना सेक्शन (पैकेज 7) शामिल हैं। यह आधुनिक 8-लेन एक्सप्रेसवे शुरू होने से क्षेत्र में तेज और सुगम परिवहन संभव होगा। चालकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इन दोनों पैकेजों में मुख्य पुल, फ्लाईओवर, व्हीकल अंडरपास (VUPs), स्थानीय लोगों के लिए 70 अंडरपास, 2 इंटरचेंज और 7 सर्वसुविधायुक्त विश्राम क्षेत्र (रेस्ट एरिया) विकसित किए गए हैं।

लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और माल ढुलाई होगी तेज

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इन दो पैकेजों के चालू होने से देश के व्यापार जगत को बड़ा फायदा होगा। भारतमाला परियोजना के मुख्य उद्देश्यों के अनुरूप, इन मार्गों से माल की आवाजाही काफी तेज हो जाएगी और स्थानीय उद्योगों के लिए लॉजिस्टिक्स (परिवहन) लागत को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। औद्योगिक हब माने जाने वाले दक्षिण गुजरात से देश के अन्य हिस्सों में कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने का समय काफी घट जाएगा, जो आर्थिक रूप से पूरे क्षेत्र के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।

₹4,732 करोड़ की लागत से NH-56 का अपग्रेडेशन: आदिवासी जिलों और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का जुड़ाव होगा मजबूत

इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा ₹4,732 करोड़ की लागत से चार अतिरिक्त परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इसके तहत NH-56 पर धमशिया से बिटाडा/मोवी (पैकेज 4) और नसरपुर से मालोथा (पैकेज 6) तक की सड़कों को फोर-लेन (चार मार्ग) बनाया जाएगा। 107.67 किलोमीटर की लंबाई वाली इस फोर-लेन सड़क से नर्मदा, तापी, वलसाड और छोटा उदेपुर जैसे आदिवासी जिलों के साथ-साथ स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की कनेक्टिविटी शानदार हो जाएगी। इससे यात्रा का समय 40 मिनट कम होगा और वाहनों की औसत गति 75% बढ़ेगी, जिससे स्थानीय फार्मा, मेडिकल, सीफूड क्लस्टर और 2 बंदरगाहों व एयरपोर्ट को सीधा फायदा पहुंचेगा।

ट्रैफिक समस्या का होगा समाधान, समुद्री व्यापार को मिलेगा बल

सूरत के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग 53 (NH-53) के हजीरा बंदरगाह-सूरत सेक्शन पर करीब ₹149 करोड़ की लागत से दो बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास होगा। इसके तहत रिलायंस के पास 6-लेन का व्हीकल अंडरपास (VUP) और कवास के पास VUP-कम-फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इन नए फ्लाईओवर और अंडरपास के बनने से हजीरा बंदरगाह और आसपास के भारी औद्योगिक क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों की बिना किसी रुकावट के तेज आवाजाही सुनिश्चित होगी। परिणामस्वरूप हजीरा के पास भारी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी, सूरत के स्थानीय निवासियों का सफर सुरक्षित बनेगा और भारत के समुद्री व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
पर्यावरण दिवस: विकास के नाम पर भारत माता का चीरहरण, आखिर दोषियों को क्या सजा मिलनी चाहिए?