1. धर्म-संसार
  2. »
  3. व्रत-त्योहार
  4. »
  5. ईद
  6. कुर्बानी में नहीं हो दिखावा

कुर्बानी में नहीं हो दिखावा

- गुलरेज गौरी

ईद उल अजहा
ND

मजहबे इस्लाम के दो खास त्योहार हैं ईदुल फित्र और ईदुल अजहा। ईदुल फित्र रमजान का महीना खत्म होने के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनाई जाती है और ईदुल अजहा जिल हज (इस्लाम वर्ष का आखिरी महीना) की दस तारीख को मनाई जाती है। ईदुल अजहा जिसे बकरीद के नाम से भी जाता जाता है, बेहद खास दिन है। इस दिन भी ईदुल फित्र की तरह दो रकात नमाज ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों में अदा की जाती और कुर्बानी की जाती है।

ईदुल अजहा पर हर मुस्लिम मालदार पर कुर्बानी करना वाजिब (आवश्यक) है। ईदुल अजहा के मौके पर कुर्बानी का सिलसिला तीन दिन तक जारी रहता है। कुर्बानी करने की मंशा सिर्फ कुर्बानी के जानवर के गले पर छुरी चलाना नहीं है बल्कि अपने नफ्स (दिल) की ख्वाहिशात को दबाते हुए अल्लाह के हुक्म पर अमल करना है।

इंसान की यह खासियत होती है कि वह जिसके साथ कुछ समय गुजारता है, उससे उसे लगाव पैदा हो जाता है। इसी तरह कुर्बानी के जानवर को भी घर में पालने-पोसने के बाद उससे लगाव होने के बावजूद उसे अल्लाह के हुक्म को पूरा करने के लिए कुर्बान कर दिया जाता है।

जिस तरह पैगंबर हजरत इब्राहिम (अ.) को अल्लाह का हुक्म हुआ था कि वह अपने इकलौते बेटे हजरत इस्माइल (अ.) को कुर्बान करे और वे दोनों इसके लिए तैयार हुए सिर्फ अल्लाह के फरमान (हुक्म) की वजह से। अल्लाह ने उनके जज्बे को कुबूल फरमाकर उनके बेटे की जगह दुंबे (भेड़) को भेज दिया। उनके तरीके पर अमल करते हुए ही कुर्बानी की जाती है।

यह जरूरी है कि हर वो शख्स जो कुर्बानी करता है, पूरे इख्लास (तन्मयता) के साथ कुर्बानी करे। इसमें दिखावा न हो ताकि अल्लाह हमारी नियत और जज्बे को कुबूल फरमाकर हमारी कुर्बानी को कुबूल फरमाए। जिल हज के इस महीने में हज भी अदा किया जाता है। यह इस्लामी साल का आखिरी महीना है तथा इसके बाद इस्लामी नववर्ष का पहला महीना (मोहर्रमुल हराम) शुरू होगा।