1. धर्म-संसार
  2. »
  3. व्रत-त्योहार
  4. »
  5. ईद
  6. इंसान अपने नफ्स की भी दे कुर्बानी

इंसान अपने नफ्स की भी दे कुर्बानी

अल्लाह की रजा के लिए हो कुर्बानी

ईद उल अजहा
ND

पैगम्बर हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की कुर्बानी की यादगार ईद-उल-अजहा मनाया जा रहा है। ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी का मकसद इंसान अपनी नफ्स यानी मर्जी को कुर्बान करे और अपने अंदर तकवा पैदा करके अल्लाह के बताए रास्ते को अपनाएँ।

क्या है ईद-उल-अजहा :- पैगम्बर हजरत इब्राहिम अलैहिस्लाम से अल्लाह ने कुर्बानी माँगी थी। अल्लाह के हुक्म पर उन्होंने अपने इकलौते बेटे हजरत इस्माईल अलैहिस्सलाम को कुर्बान करना चाहा। अल्लाह ने उनकी कुर्बानी कबूल करके जन्नत से एक दुबा भेजा, जिसकी कुर्बानी दी गई। उस कुर्बानी की यादगार के तौर पर ईद-उल-अजहा मनाई जाती है।

पैगम्बर हजरत मोहम्मद स.स. ने अपनी कौम पर इस यादगार को मनाना वाजिब फरमाया। कुर्बानी के जानवर को पुल सरात की सवारी भी बताया गया है।

ND
क्या करें, क्या न करें? :- सुबह फजर के बाद गुस्ल करें, साफ-सुथरे कपड़े पहनें, खुशबू लगाएँ और ईदगाह जाएँ। एक रास्ते से जाएँ और दूसरे से आएँ। जिस घर में कुर्बानी तय हो, वहाँ के लोग कुछ न खाएँ और कुर्बानी के गोश्त से ही खाने की शुरुआत करें। ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद एक-दूसरे को मुबारकबाद दें।

कुर्बानी का तरीका :- कुर्बानी वाला जानवर तंदुरुस्त हो और हर ऐब से पाक यानी लूला, लंगड़ा, काना या जख्मी नहीं होना चाहिए।

ND
जानवर को किबला रुख लिटाना चाहिए और दुआ पढ़ना चाहिए। छुरी धारदार होना चाहिए और जानवर के सामने धार नहीं करना चाहिए। कुर्बानी के गोश्त को तीन हिस्सों में बाँटना चाहिए, एक अपने लिए, दूसरा दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए और तीसरा गरीबों के लिए।

ईद-उल-अजहा मनाने के लिए जोरदार तैयारियाँ की गई, जिसमें लोगों ने नये कपड़े बनवाए और ईद पर बनाए जाने वाले पकवानों के लिए मसालों वगैरह की खरीददारी पहले से ही कर ली गई। मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज के लिए शामियाने, बिछात और वुजू के पानी का इंतजाम किया गया। ईद-उल-अजहा पर राजनेताओं ने शुभकामनाएँ दी।