शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. विचार-मंथन
  3. विचार-मंथन
Written By राकेश त्रिवेदी
Last Updated :ऑस्टिन , बुधवार, 1 अक्टूबर 2014 (19:45 IST)

उड़ते चमगादड़ों का अद्भुत नजारा

उड़ते चमगादड़ों का अद्भुत नजारा -
अमेरिका के टेक्सास प्रांत की राजधानी ऑस्टिन का कांग्रेस ऐवेन्यू ब्रिज पर्यावरण और पर्यटन (इको-टूरिज्म) का एक आदर्श स्थल बन गया है।

यहाँ सूर्यास्त के समय सैकड़ों की संख्या में पर्यटक आकाश में उड़ते अठखेलियाँ करते चमगादड़ों को निहारने के लिए जमा होते हैं। सरकार को प्रतिदिन हजारों डॉलर की आय होती है। इन जीवों के प्रति नफरत को प्यार में बदलने में सरकार की भूमिका भी अनुकरणीय रही है।

इस क्षेत्र में 10 लाख से भी ज्यादा चमगादड़ हैं। दुनिया में शहरी क्षेत्र में ऑस्टिन ही ऐसी जगह है, जहाँ चमगादड़ों का इतना बड़ा नजारा देखा जा सकता है। यहाँ के कांग्रेस ऐवेन्यू ब्रिज की छत की दरारों में वर्षों से इन चमगादड़ों का आशियाना है ।1980 में जब इस पुल का पुनर्निर्माण हुआ तब भी इन दरारों का ध्यान रखा गया। बल्कि इंजीनियरों ने छत में चमगादड़ों के रहने के लिए गुफा जैसे कुछ स्थान बनाए भी, जहाँ ये चमगादड़ दिन में उल्टे लटके हुए देखे जा सकते हैं।

प्रारंभ में लोगों के मन में इन चमगादड़ों को लेकर गलत धारणाएँ थीं । वे इन्हे प्रेत-आत्माओं के वाहक समझते थे और इन्हें नफरत से देखते थे। बाद में जब उन्हें बताया गया कि ये तो हर साल कृषि को नुकसान पहुँचाने वाले लाखों कीटों को चटकर कृषकों को मदद करते हैं तब बात धीरे-धीरे उनके गले उतरी और आज यह स्थान पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है।

नगर निगम ने पर्यटकों के लिए विशेष गैलरी बनाई है, जहाँ से वे इन चमगादड़ों को निहारते हैं। सूर्यास्त के समय लाल आकाश में काले चमगादड़ों का हजारों की संख्या में झुंडों में उड़ना एक अद्भुत नजारा होता है। लंदन के प्रसिद्ध अखबार द इकानामिस्ट ने हाल ही में इन चमगादड़ों की पैरवी की है, जो कृषक मित्र के रूप में अर्थव्यवस्था को बनाए रखने में सहायक साबित हो रहे हैं। पत्र ने लिखा है कि चमगादड़ों की 1100 किस्में कृषकों की मददगारहैं। इनके संरक्षण के लिए प्रयास करना चाहिए।

टेक्सास में कृषकों ने अपने खेतों में पेड़ों पर डिब्बे रखकर चमगादड़ों के घर बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय चमगादड़ संरक्षण संगठन भी इन स्तनधारी उड़ने वाले जीवों के प्रचार-प्रसार में जुटा है।