सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को भी मिली धमकी, लॉरेंस गैंग ने भेजा ईमेल
मुंबई में एक बार फिर अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स का खौफ लौटता दिख रहा है। गैंगस्टर्स द्वारा कई सेलेब्स को धमकियां मिल रही है। सुपरस्टार सलमान खान के बाद अब उनके जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है।
सिर्फ आयुष ही नहीं, बल्कि अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी को भी निशाना बनाया गया है, जिससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में दहशत का माहौल है। प्रोटॉनमेल के माध्यम से आयुष शर्मा को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल भेजने वाले ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल किया।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार, अभिनेता आयुष शर्मा को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस धमकी के लिए 'प्रोटॉन मेल' का इस्तेमाल किया गया है, जो एक एंड-टू-एंड एनक्रिप्टेड सर्विस है। इसके जरिए भेजने वाले की पहचान छुपाना आसान होता है। पुलिस फिलहाल साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से आईपी एड्रेस ट्रैक करने की कोशिश कर रही है।
रणवीर सिंह से मांगी गई मोटी रकम
इससे पहले अभिनेता रणवीर सिंह को एक व्हाट्सएप वॉयस मैसेज के जरिए धमकी दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अपराधी ने VPN का इस्तेमाल कर अपनी लोकेशन छुपाई और रणवीर से भारी-भरकम फिरौती की मांग की है। धमकी में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मांग पूरी न होने पर अंजाम बुरा होगा।
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग
फिल्मों में एक्शन दिखाने वाले मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर भी अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किया है।
अब तक इन सेलिब्रिटीज को मिल चुकी है धमकी
पिछले कुछ समय में गैंगस्टर्स के निशाने पर बॉलीवुड के कई बड़े नाम आए हैं। इनमें सलमान खान, सलीम खान, गिप्पी ग्रेवाल और कपिल शर्मा का नाम शामिल है। गातार मिल रही धमकियों के बाद 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।