एक्टिंग के साथ श्रीलीला ने पूरी की MBBS की पढ़ाई, 24 साल की उम्र में डॉक्टर बनीं साउथ की हसीना
साउथ फिल्मों की सनसेशन और डांसिंग क्वीन श्रीलीला ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जो ग्लैमर की दुनिया में बहुत कम देखने को मिलता है। फिल्मों में अपनी अदाकारी से करोड़ों दिलों को जीतने वाली श्रीलीला अब आधिकारिक रूप से डॉक्टर बन गई हैं।
श्रीलीला ने मुंबई की DY पाटिल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में उन्होंने अपनी MBBS की डिग्री प्राप्त की। श्रीलीला 2020 के बैच से हैं और उन्होंने पूरे 6 साल बाद ये डिग्री मिली है। श्रीलीला का यह सफर आसान नहीं था। एक तरफ बड़े पर्दे पर कई सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर कर रही थीं, तो दूसरी तरफ मेडिकल की भारी-भरकम किताबों के साथ रातें बिता रही थीं।
सोशल मीडिया पर श्रीलीला की तस्वीरें वायरल हो रही है, जिसमें वह दीक्षांत समारोह में गाउन और टोपी पहने मेडिकल डिग्री लेते नजर आ रही हैं। तस्वीरों में वे मैरून गाउन पहने और हाथ में डिग्री लिए बेहद खुश नजर आ रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उन्हें अपने क्लासमेट्स के साथ हिप्पोक्रेटिक ओथ लेते हुए देखा जा सकता है। जैसे ही उनके बैच (2020) को डॉक्टर घोषित किया गया, श्रीलीला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
श्रीलीला की इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'हमसे तो पास मार्क्स नहीं आते, उन्होंने फिल्मों के साथ MBBS कैसे पूरा कर लिया?' एक अन्य ने लिखा, 'इतनी आसानी से MBBS करना संभव नहीं, वह जरूर बहुत ब्रिलियंट होंगी।'
24 की उम्र में 3 बच्चों की मां
श्रीलीला की इस उपलब्धि पर फैंस इसलिए भी हैरान हैं क्योंकि पढ़ाई और करियर के साथ-साथ वे एक नेक इंसान भी हैं। महज 24 साल की उम्र में वे तीन बच्चों की मां हैं। उन्होंने 2022 में दो दिव्यांग बच्चों को गोद लिया था और 2025 में एक और बच्ची को अपने परिवार का हिस्सा बनाया। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वे इन बच्चों की देखभाल एक आश्रम के जरिए करती हैं और अक्सर उनसे मिलने जाती हैं।
श्रीलीला का जन्म 2001 में अमेरिका के डेट्रायट में हुआ था, लेकिन उनकी परवरिश बेंगलुरु में हुई। श्रीलीला ने 2019 में कन्नड़ फिल्म 'किस' से बतौर लीड एक्ट्रेस शुरुआत की। 'पुष्पा 2' के गाने 'किस्सिक' ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। श्रीलीला जल्द ही कार्तिक आर्यन के साथ अनुराग बसु की फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं।