शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. ravi dubey laxman role ramayana movie connection
Last Updated : शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026 (15:33 IST)

रामायण में रवि दुबे को कैसे मिला लक्ष्मण का रोल? सामने आई चौंकाने वाली संयोग भरी कहानी

Ravi Dubey Laxman Ramayana
रवि दुबे लंबे समय से भारतीय मनोरंजन उद्योग के सबसे प्रतिभाशाली और बहुमुखी कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने न केवल एक अभिनेता के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है, बल्कि अपने बैनर ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट के जरिए एक सफल निर्माता के तौर पर भी खास मुकाम हासिल किया है। 
 
रवि दुबे कई प्रशंसित प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने उनकी बहुमुखी प्रतिभा और रचनात्मक दृष्टि को दर्शाया है। अब वह भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक रामायण के लिए तैयार हैं, जिसका निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। 
 
इस पौराणिक गाथा में रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस किरदार को पाने से पहले उनके जीवन में एक खास संयोग हुआ था, जिसे उन्होंने हाल ही में साझा किया। रवि ने बताया कि फिल्म में कास्ट होने से ठीक एक साल पहले वह लखनऊ में एक शूटिंग के दौरान लक्ष्मण मंदिर गए थे। 
 
उन्होंने कहा, फिल्म के लिए लॉक होने से करीब एक साल पहले मैं लखनऊ में शूट कर रहा था। हम एक तरह का गुरिल्ला शूट कर रहे थे। मैं बाइक चला रहा था और मेरी हीरोइन पीछे बैठी थी। हम सड़कों पर चक्कर लगा रहे थे। उसी दौरान मैं अपने डायरेक्टर से फोन पर बात कर रहा था। डायरेक्टर ने ‘कट’ कहा, तो हमने बाइक वहीं पार्क कर दी और अगले निर्देश का इंतजार करने लगे। तभी मैंने पीछे मुड़कर देखा तो एक मंदिर था — वह लक्ष्मण जी का मंदिर था।
 
उन्होंने आगे बताया, मुझे पहले कभी नहीं पता था कि वहां ऐसा मंदिर है। उसी समय मुझे एहसास हुआ कि लखनऊ दरअसल ‘लक्ष्मणपुरी’ था। कथा के अनुसार, यदि मैं गलत नहीं हूं, तो यह स्थान स्वयं श्रीराम ने लक्ष्मण जी को दिया था। उस समय मुझे मंदिर के अंदर जाने की प्रबल इच्छा हुई। मैं अंदर गया, हाथ जोड़कर प्रणाम किया। वहां राम, सीता और लक्ष्मण की पारंपरिक त्रिमूर्ति की छवि थी। मैं कुछ देर बैठा, प्रार्थना की और बाहर आ गया। मैंने उस छवि की एक तस्वीर भी क्लिक की।
 
रवि ने यह भी साझा किया कि उस समय जिस शो की वह शूटिंग कर रहे थे, उसमें उनके किरदार का नाम ‘लखन’ था। शो का नाम ‘लखन लीला भार्गव’ था। उन्होंने कहा, ये सभी अद्भुत संयोग थे। और जब मैं फिल्म के लिए लॉक हुआ, तो वही तस्वीर मेरे सामने आ गई। मुझे एहसास हुआ कि मैं इस घटना को पूरी तरह भूल चुका था। ठीक लगभग एक साल बाद, उसी मंदिर के दर्शन के बाद मुझे फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका मिल गई।
 
दर्शक अब रवि दुबे को बड़े पर्दे पर लक्ष्मण जैसे वीर, निष्ठावान और शक्तिशाली किरदार में देखने के लिए उत्सुक हैं। इस भव्य फिल्म में रणबीर कपूर राम की भूमिका में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण की भूमिका में और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे।
 
यह दो-भागों में बनने वाली महाकाव्य फिल्म, जिसका निर्माण नमीत मल्होत्रा के प्राईम फोकस स्टुडिओ द्वारा, 8 बार ऑस्कर विजेता DNEG और मॉनस्टर माईंड क्रियेशन के सहयोग से किया जा रहा है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा। 
ये भी पढ़ें
गायक शान का अनोखा अंदाज, सूफी गायकों संग 'दमादम मस्त कलंदर' को दिया नया रंग