मंगलवार, 10 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. prakash jha birthday success and struggle story
Last Modified: शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026 (12:28 IST)

सामाजिक सिनेमा की सबसे मजबूत आवाज है प्रकाश झा, महज 300 रुपए लेकर आए थे मुंबई

Prakash Jha Birthday
हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा 27 फरवरी को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को बड़े पर्दे पर मजबूती से पेश करने वाले प्रकाश झा ने अपहरण, गंगाजल और राजनीति जैसी दमदार फिल्मों के जरिए बॉलीवुड को एक अलग पहचान दी है।
 
बिहार के चंपारण में जन्मे प्रकाश झा का फिल्मी सफर कभी आसान नहीं रहा। बहुत कम लोग जानते हैं कि वह शुरुआत में पेंटर बनना चाहते थे। अपने इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में बैचलर की पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स में दाखिला ले लिया।
 
एक इंटरव्यू में प्रकाश झा ने बताया था कि वह घर से महज़ 300 रुपए लेकर मुंबई आए थे। यह वह दौर था जब उन्हें कई-कई दिन भूखे रहना पड़ा, फुटपाथ पर रातें गुजारनी पड़ीं और संघर्ष की हर परीक्षा से गुजरना पड़ा। जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स में पढ़ाई के दौरान साल 1973 में उन्हें फिल्म ‘धर्मा’ की शूटिंग देखने का मौका मिला। यहीं से उनका रुझान सिनेमा की तरफ और गहरा होता चला गया।
इसके बाद उन्होंने फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे में एडमिशन लिया, जहां उन्होंने प्री-प्रोडक्शन, पोस्ट-प्रोडक्शन और एडिटिंग की बारीकियां सीखीं। हालांकि कुछ कारणों से संस्थान बंद हो गया और पढ़ाई अधूरी रह गई, जिसके बाद उन्हें फिर से मुंबई लौटना पड़ा।
 
साल 1984 में प्रकाश झा ने बतौर निर्देशक फिल्म ‘हिप हिप हुर्रे’ से बॉलीवुड में कदम रखा। खास बात यह रही कि पहली ही फिल्म के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और हिंदी सिनेमा को एक के बाद एक कई यादगार फिल्में दीं।
 
प्रकाश झा ने साल 1985 में मशहूर अभिनेत्री दीप्ति नवल से शादी की थी। शादी के बाद दोनों ने एक बेटी को गोद लिया, जिसका नाम दिशा रखा। हालांकि शादी के 17 साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया और तलाक ले लिया। तलाक के बाद भी प्रकाश झा और दीप्ति नवल के रिश्तों में कड़वाहट नहीं आई और आज भी दोनों एक-दूसरे के साथ अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं।
 
प्रकाश झा सिर्फ एक निर्देशक नहीं, बल्कि सामाजिक सिनेमा की एक मजबूत आवाज़ हैं। उनकी फिल्में आज भी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करती हैं और यही वजह है कि उनका नाम हिंदी सिनेमा के सबसे प्रभावशाली फिल्ममेकर्स में शुमार किया जाता है। 
ये भी पढ़ें
अली अब्बास जफर को मिला नया रोमांटिक हीरो, यशराज की अगली फिल्म में अहान पांडे की एंट्री