'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज पर कोर्ट ने लगाई रोक, CBFC को भी पड़ी फटकार
विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' रिलीज से पहले विवादों में घिरी हुई है। अब इस फिल्म की रिलीज पर केरल हाई कोर्ट ने 15 दिनों के लिए रोक लगा दी है। जस्टिस बेचु कुरियन थॉमस की बेंच ने यह फैसला उन याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुनाया, जिसमें फिल्म के जरिए राज्य की छवि बिगाड़ने और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था।
अदालत ने फिल्म को 'U/A' सर्टिफिकेट देने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की कड़ी आलोचना की। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि बोर्ड ने सर्टिफिकेट देते समय विवेक का इस्तेमाल नहीं किया। जस्टिस थॉमस ने सवाल किया, फिल्म की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे 'A' सर्टिफिकेट के बजाय 'U/A' क्यों दिया गया? कोर्ट का मानना है कि फिल्म की सामग्री युवाओं और समाज के बीच गलत संदेश दे सकती है।
याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि 'द केरल स्टोरी 2' के टीजर और ट्रेलर में दिखाई गई घटनाएं कथित तौर पर 'लव जिहाद' और जबरन धर्मांतरण जैसे गंभीर विषयों पर आधारित हैं, जो केरल की शांति भंग कर सकती हैं। कोर्ट ने भी माना कि ट्रेलर के कुछ दृश्य 'प्रथम दृष्टया' सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की क्षमता रखते हैं। इसके अलावा, फिल्म के शीर्षक में 'केरल' शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है, क्योंकि फिल्म की कहानी कथित तौर पर अन्य राज्यों से भी जुड़ी है।
हाई कोर्ट द्वारा रिलीज रोकने के बाद, अब फिल्म की टीम इस आदेश को चुनौती देने के लिए एक उच्च पीठ के पास जाने की तैयारी कर रही है। फिल्म निर्माताओं ने कोर्ट से आग्रह किया था कि सुनवाई जल्द पूरी की जाए क्योंकि अंतरराष्ट्रीय वितरण अधिकार पहले ही बेचे जा चुके हैं।
कामाख्या नारायण सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा की झकझोर देने वाली कहानी को सामने लाती है। उनकी जिंदगी तब एक खौफनाक मोड़ ले लेती है जब उन्हें तीन मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है, और ये रिश्ते धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के एक सोचे-समझे एजेंडे का खुलासा करते हैं।
'द केरल स्टोरी 2- गोज़ बियॉन्ड' का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। यह फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिलहाल अदालत के आदेश के चलते इसकी रिलीज पर ब्रेक लग गया है।