शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. rajpal yadav birthday struggle story career
Last Modified: सोमवार, 16 मार्च 2026 (11:41 IST)

कभी दर्जी बनकर चलाया घर, आज कॉमेडी के किंग हैं राजपाल यादव

Rajpal Yadav birthday
बॉलीवुड के सबसे चहेते कॉमेडियन एक्टर राजपाल यादव 16 मार्च 2026 को अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की गलियों से निकलकर मायानगरी के 'छोटा पंडित' बनने तक का उनका सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
 
1971 में जन्मे राजपाल यादव का बचपन अभावों में बीता। एक्टर बनने का जुनून ऐसा था कि घर की आर्थिक मदद के लिए उन्होंने टेलरिंग (दर्जी) का काम किया, लेकिन आंखों में सपने हमेशा बड़े पर्दे के थे। लखनऊ के भारतेंदु नाट्य अकादमी से ट्रेनिंग लेने के बाद वे दिल्ली के NSD पहुंचे, जहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं।
 
विलेन से शुरू हुई पहचान, कॉमेडी ने बनाया 'किंग'
ज्यादातर लोग राजपाल को कॉमेडी के लिए जानते हैं, लेकिन 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' से डेब्यू करने वाले राजपाल को असली पहचान राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'जंगल' (2000) से मिली। इसमें उन्होंने एक खूंखार विलेन 'सिप्पा' का रोल निभाया था, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।
 
इसके बाद 'हंगामा', 'मुझसे शादी करोगी', 'चुप चुप के' और 'भूल भुलैया' जैसी फिल्मों ने उन्हें कॉमेडी का निर्विवाद बादशाह बना दिया। राजपाल यादव का जन्मदिन इस बार विवादों की छाया में है। हाल ही में फरवरी 2026 में, एक्टर को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करना पड़ा था।
 
कानूनी मुश्किलों के बावजूद, राजपाल यादव का जलवा कम नहीं हुआ है। साल 2026 में वे कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं। वह जल्द ही अक्षय कुमार के साथ मल्टी-स्टारर कॉमेडी 'वेलकम टू द जंगल' और प्रियदर्शन की फिल्म 'भूत बंगला' में दिखेंगे। 
 
राजपाल यादव की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने दो शादी की है। एक्टर की पहली शादी लखीमपुर की रहने वाली करुणा यादव से हुई थी, लेकिन बीमारी के चलते उनका देहांत हो गया। इसके बाद राजपाल यादव को कनाडा की रहने वाली राधा यादव से प्यार हुआ। इसके बाद दोनों ने साल 2003 में शादी रचा ली। राजपाल यादव की तीन बेटियां हैं।
ये भी पढ़ें
6 ऑस्कर जीतने वाली 'वन बैटल आस्टर अनदर' की क्या है कहानी, जानिए कहां देख सकते हैं फिल्म?