गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. oscar winning film one battle after another story ott release
Last Updated : सोमवार, 16 मार्च 2026 (15:49 IST)

6 ऑस्कर जीतने वाली 'वन बैटल आस्टर अनदर' की क्या है कहानी, जानिए कहां देख सकते हैं फिल्म?

One Battle After Another film story
कैलिफोर्निया के डॉल्बी थिएटर में आयोजित 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का समापन हो गया है। ऑस्कर 2026 में 'वन बैटल आफ्टर अनदर' ने अपनी सफलता के झंडे गाड़ दिए। दिग्गज निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन की इस फिल्म ने 6 श्रेणियों में जीत दर्ज कर साल की सबसे सफल फिल्म का खिताब अपने नाम किया।
 
'वन बैटल आफ्टर अनदर' को 13 नॉमिनेशन मिले थे। बेस्ट फिल्म, बेस्ट निर्देशक, बेस्ट सहायक अभिनेता, बेस्ट रूपांतरित पटकथा, बेस्ट फिल्म एडिटिंग और बेस्ट कास्टिंग का खिताब फिल्म ने अपने नाम किया। यह फिल्म ऑस्कर इतिहास की पहली फिल्म बनी जिसने 'Best Casting' कैटेगरी में अवॉर्ड जीता।
 
क्या है फिल्म की कहानी 
यह फिल्म मशहूर लेखक थॉमस पिंचन के उपन्यास 'वाइनलैंड' (Vineland) का आधुनिक रूपांतरण है। फिल्म की कहानी एक 'कॉमेडी-थ्रिलर' है जो कई पीढ़ियों के बीच फैली राजनीतिक प्रतिरोध और पारिवारिक संघर्ष को दर्शाती है। फिल्म की शुरुआत एक फ्लैशबैक से होती है, जहां एक क्रांतिकारी समूह 'फ्रेंच 75' अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर एक डिटेंशन सेंटर पर हमला करता है। इस समूह के नेता बॉब और उसकी पार्टनर परफिडिया हैं। एक ऑपरेशन के दौरान परफिडिया क्रूर मिलिट्री ऑफिसर स्टीवन लॉकजॉ (सीन पेन) को सरेआम अपमानित करती है। लॉकजॉ इसका बदला लेने के लिए पागल हो जाता है और परफिडिया को अपनी बातों में फंसाकर उससे गद्दारी करवाता है, जिससे पूरा क्रांतिकारी समूह बिखर जाता है।
इसके बाद कहानी वर्तमान में आती है। बॉब अब अपनी पहचान बदलकर अपनी 16 वर्षीय बेटी विला के साथ एक शांत और गुप्त जीवन जी रहा है। वह अपनी पुरानी क्रांतिकारी पहचान भूल चुका है और एक डरे हुए, नशे की लत में डूबे पिता के रूप में दिखता है। शांति तब भंग होती है जब लॉकजॉ वापस लौटता है। वह विला का अपहरण कर लेता है, क्योंकि उसे शक है कि विला उसकी अपनी बेटी है। अपनी बेटी को बचाने के लिए बॉब को अपनी पुरानी पहचान 'घेटो पैट' को फिर से अपनाना पड़ता है।

कहां देख सकते हैं फिल्म 
ऑस्कर विनिंग फिल्म 'वन बैटल आफ्टर अनदर' को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं। भारत में यह फिल्म 26 फरवरी, 2026 जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो चुकी है। यह उन सब्सक्राइबर्स के लिए फ्री है जिनके पास एक्टिव प्लान है।
 
अमेज़न प्राइम वीडियो पर भी यह फिल्म रेंटल आधार पर उपलब्ध है। आप इसे लगभग 499 रुपये देकर किराए पर ले सकते हैं या अपनी डिजिटल लाइब्रेरी के लिए खरीद सकते हैं।