मशहूर कॉमेडिय-एक्टर सुनील ग्रोवर अपनी कॉमिक टाइमिंग और मिमिक्री से लोगों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं। हाल ही में 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में सुनील ग्रोवर ने दिवंगत एक्टर कादर खान की मिमिक्री करके सभी का दिल जीत लिया। इस शो के आखिरी एपिसोड में बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक डेविड धवन और उनके बेटे वरुण धवन मेहमान बनकर पहुंचे थे।
शो में सुनील ग्रोवर ने कादर खान के रूप में एंट्री करके महफिल लूट ली। सुनील ग्रोवर ने डेविड धवन की 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'साजन चले ससुराल' के मशहूर किरदार 'खुराना' को पुनर्जीवित किया। कादर खान की वही रौबीली आवाज, वही अंदाज और उनके संवाद बोलने का अनोखा तरीका—सुनील ने हर बारीकी को इतनी सटीकता से पकड़ा कि लगा मानो कादर खान खुद मंच पर आ गए हों।
सोशल मीडिया पर सुनील ग्रोवर के एक्टर की क्लिप्स खूब वायरल हो रही है। सेलेब्स भी उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। एक्ट के दौरान जब कीकू शारदा सुनील से पूछते हैं, "इधर आओ, उधर जाओ – क्यों आओ जाओ?" तो सुनील ने कादर खान के स्टाइल में जवाब दिया, 'मैं चाहता हूं तुम्हारे 10,000 स्टेप्स पूरे हो जाएं।' इस वन-लाइनर ने पूरी महफिल को ठहाकों से भर दिया।
सुनील ग्रोवर की इस परफॉर्मेंस ने डेविड धवन को पुराने दिनों में वापस भेज दिया। कादर खान के साथ कई सुपरहिट फिल्में देने वाले डेविड ने कहा, 'कादर भाई की याद आ गई।' वहीं वरुण धवन भी सुनील की कलाकारी के कायल नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर सुनील की तारीफ करते हुए लिखा, 'जब आप किसी की रूह को आत्मसात कर लेते हैं, तो वह सिर्फ मिमिक्री नहीं रह जाती।'
अभिनेता गजराज राव भी सुनील ग्रोवर की इस परफॉर्मेंस से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, सुनील ग्रोवर का फैन हूं, जो करते हैं दिल को भाता है। कपिल देव बन कर मंच पर आते हैं, तो कपिल देव उनको कौतुक से देखते रह जाते हैं। सलमान का रूप धरते हैं तो सलमान दिखने लगते हैं, दारा सिंह, सिद्धू, आमिर खान, राजामौली कुच भी बन जाते हैं। कपिल शर्मा शो में कादर खान बन कर आ गए। लगा कि साक्षात कादर खान मंच पर हैं।
कुशा कपिला ने सुनील ग्रोवर की तारीख करते हुए लिखा, किसी की नजल करते समय वो जो छोटे-छोटे चुनाव करते हैं, वो बहुत दिलचस्प होते हैं। वो सच में उसी इंसान जैसे बन जाते हैं और उनकी नकल डराने की हद तक सटीक होती है।
सुनील ग्रोवर ने सालों से अपनी वर्सटाइल एक्टिंग से दर्शकों का मनोरंजन किया है। उनके द्वारा निभाए गए कुछ सबसे लोकप्रिय किरदार गुत्थी, डॉ. मशहूर गुलाटी, रिंकू भाभी, डफली और चुंबक मित्तल है। उन्होंने आमिर खान, सलमान खान और अमिताभ बच्चन की मिमिक्री कर सबको दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया था।