एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी ने ट्रेन में मचाया हंगामा, RPF अधिकारी पर किया रेजर ब्लेड से हमला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
टीवी और हिंदी सिनेमा जगत की अभिनेत्री और मॉडल अंतरा बनर्जी एक गंभीर कानूनी विवाद में फंस गई हैं। बांद्रा-गंगानगर अरावाली एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा के दौरान चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों के साथ हुई तीखी झड़प के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना 12 अगस्त की रात बोरीवली और दहानू रोड स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। खबरों के अनुसार 31 वर्षीय अंतरा बनर्जी सूरत में एक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए जा रही थीं। उनके पास स्लीपर क्लास का टिकट था, लेकिन वह एसी कोच में एक आरक्षित सीट पर बैठी हुई थीं। जब वास्तविक यात्री ने अपनी सीट मांगी, तो विवाद शुरू हो गया। मामले को शांत करने के लिए टीटीई ने आरपीएफ स्टाफ की मदद ली।
घटनास्थल पर पहुंचे आरपीएफ के सहायक उप-निरीक्षक (ASI) यामिनीकांत मिश्रा और कांस्टेबल राजेश कुमार ने अभिनेत्री को समझाकर आरक्षित सीट खाली करने का अनुरोध किया। अधिकारियों का आरोप है कि अंतरा बनर्जी ने सहयोग करने के बजाय अधिकारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उग्र हो गईं।
एफआईआर के मुताबिक, बहस के दौरान अंतरा बनर्जी ने कथित तौर पर अपने बैग से रेजर ब्लेड निकाल लिया और आरपीएफ अधिकारी पर हमला कर दिया, जिसमें एएसआई मिश्रा घायल हो गए। इसके साथ ही उन पर खुद को चोट पहुंचाने, आरपीएफ जवान की वर्दी फाड़ने, मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त करने तथा ट्रेन की खिड़की के कांच तोड़कर भागने की कोशिश करने का भी आरोप लगा है।
लगभग एक घंटे तक चले इस भारी ड्रामे के बाद ट्रेन के दहानू स्टेशन पहुंचने पर अंतरा बनर्जी को ट्रेन से उतारा गया और शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) को सौंप दिया गया। बोरीवली जीआरपी ने 13 अगस्त को एफआईआर दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। सरकारी काम में बाधा डालने, लोकसेवक पर हमला करने और सुरक्षा को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद उन्हें नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
डिप्रेशन और सीट न मिलने की बात आई सामने
बोरीवली जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से पता चला है कि अभिनेत्री एसी कोच का कन्फर्म टिकट न मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान लग रही थीं। घटना के समय उन्होंने अपने परिजनों या कानूनी सलाहकार से संपर्क करने से भी इनकार कर दिया था और खुद को गिरफ्तार करने की जिद कर रही थीं। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद वह शांत हो गईं।
कौन हैं अंतरा बनर्जी?
कोलकाता के एक बंगाली परिवार में जन्मी अंतरा बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की थी। बाद में वह अपने माता-पिता के साथ मुंबई शिफ्ट हो गईं। अभिनय के अलावा वह एक प्रशिक्षित कथक डांसर और शास्त्रीय गायिका भी हैं। अंतरा बनर्जी ने 2012 में टीवी शो 'गुमराह: एंड ऑफ इनोसेंस' से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह क्राइम शो 'सावधान इंडिया' में नजर आईं।
अंतरा को असली पहचान &TV के लोकप्रिय सीरियल 'बढ़ो बहू' (2016-2018) में पिंकी अहलावत के किरदार से मिली। इसके अलावा उन्होंने 'लाल इश्क', एकता कपूर के चर्चित शो 'कसौटी जिंदगी की' और सुपरनैचुरल ड्रामा 'कवच 2' में काम किया है। अंतरा ने साल 2014 में फिल्म 'द शौकीन्स' में कैमियो रोल से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने फिल्म 'यह है इंडिया' में एक रिपोर्टर की भूमिका निभाई थी।

