आमिर खान ने ‘गजनी’ में असिन और शाहरुख खान ने ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में अनुष्का शर्मा जैसी कम उम्र और नई नायिका के साथ काम किया तो भला सलमान खान कैसे पीछे रह सकते थे? सलमान ने अपने दिल के बेहद करीब फिल्म ‘वीर’ में ज़रीन खान नामक नई लड़की को फिल्म में नायिका बना दिया।
ज़रीन को फिल्म में लेते ही बॉलीवुड में हलचल मच गई और लोग यह जानने के लिए उत्सुक हो गए कि आखिर यह नई लड़की है कौन? ज़रीन के बारे में यह कहा गया कि उनकी शक्ल कैटरीना कैफ से मिलती-जुलती है, इसलिए सलमान ने उन्हें हीरोइन बनाया है।
सलमान पहले भी ऐसा कर चुके हैं जब उन्होंने स्नेहा उलाल को अपनी फिल्म में लिया था, जिसकी शक्ल ऐश्वर्या राय से थोड़ी मिलती थी। सलमान ने इन खबरों का खंडन किया है। उनका कहना है कि ऐसा होता तो वे फिल्म में कैटरीना को ही ले लेते। ज़रीन को इसलिए चुना गया है क्योंकि फिल्म की स्क्रिप्ट के मुताबिक एक नए चेहरे की जरूरत है।
बॉलीवुड में अब यह परंपरा चल पड़ी है कि जब भी नई हीरोइन किसी बड़े हीरो के साथ लांच होती है तो उसे मीडिया से छिपाया जाता है। लिहाजा ज़रीन को भी धीरे-धीरे सबके सामने पेश किया जा रहा है ताकि लोगों में फिल्म रिलीज होने तक नायिका के प्रति उत्सुकता बनी रहे।
ज़रीन को सलमान ने पहली बार ‘युवराज’ की शूटिंग के दौरान देखा था। मुक्ता आर्टस से उन्हें फोन कर बुलाया गया था और उसी दौरान उनकी मुलाकात सलमान से हो गई।
ज़रीन ने जब सलमान से ऑटोग्राफ माँगे तब सलमान ने उन्हें कहा कि जल्दी ही वे ऑटोग्राफ देते हुए नजर आएँगी। उस समय सलमान और अनिल शर्मा ‘वीर’ के लिए नायिका तलाश रहे थे। कई चेहरे देखने के बावजूद उनकी तलाश खत्म नहीं हुई थी। आखिरकार ज़रीन के रूप में सलमान को अपनी फिल्म के लिए नायिका मिल गईं।
मुंबई की रहने वाली जरीन को आर्थिक परिस्थितियों के कारण मॉडलिंग करना पड़ी क्योंकि घर चलाने का भार उनके नाजुक कंधों पर आ गया था। वे पढ़ने में होशियार थीं, लेकिन पढ़ाई उन्हें छोड़नी पड़ी।
चूँकि मॉडलिंग के क्षेत्र में शैक्षणिक योग्यता का महत्व नहीं रहता इसलिए ज़रीन ने यह राह चुनी। एक समय ज़रीन बेहद मोटी थी और उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वे मॉडलिंग की दुनिया में अपनी राह बनाएँगी। परिस्थितवश उन्हें यह पेशा चुनना पड़ा और उन्होंने अपना वजन घटाया।
सलमान ने ज़रीन से और वजन कम करने के लिए कहा। चूँकि वे सलमान के कहने से चुनी गई थीं, इसलिए सलमान ने उनके अभिनय से लेकर गेटअप तक का पूरा ध्यान रखा। ज़रीन ‘वीर’ में एक राजकुमारी बनी हैं।
कैटरीना और उनके चेहरे में समानताएँ देखी जा रही हैं, लेकिन जरीन इससे सहमत नहीं है। उनका मानना है कि कैटरीना बेहद सुंदर हैं और इस तरह से उनकी तुलना ठीक नहीं है। बॉलीवुड में यह ‘लेडी खान’ क्या कमाल दिखाती है, इसका जवाब भविष्य में छिपा हुआ है।