• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता

श्रीधर 29वीं रैकिंग पर पहुँचे

श्रीधर 29वीं रैकिंग पर पहुँचे -
भारत के अनूप श्रीधर हाल में कुआलालम्पुर में विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में क्वार्टर फाइनल तक के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ताजा विश्व रैकिंग में अपने ॅरियर के सर्वश्रेष्ठ 29वें स्थान पर पहुँच गए हैं।

24 वर्षीय श्रीधर ने अपनी पिछली 40वीं रैकिंग से 11 स्थान की छलाँग लगाई है और चेतन आनंद को पीछे छोड़कर देश के शीर्ष एकल खिलाड़ी बन गए है।

श्रीधर विश्व चैम्पियनशिप में ओलिंपिक स्वर्ण विजेता इंडोनेशिया के तौफीक हिदायत और पूर्व ऑल इंग्लैंड चैम्पियन मलेशिया के मोहम्मद हफीज हाशिम को हराकर क्वार्टर फाइनल तक पहुँचे थे, जहाँ वे विश्व के नंबर एक खिलाड़ी चीन के लिन दान से हारे थे।

भारतीय खिलाड़ी को इस जोरदार प्रदर्शन से 6600 अंक मिले और वे विश्व बैडमिंटन महासंघ द्वारा जारी ताजा रैकिंग में 29वें स्थान पर पहुँच गए। विश्व बैडमिंटन कैलेंडर में विश्व चैम्पियनशिप और ओलिंपिक खेलों के लिए सर्वाधिक अंक दिए जाते है और दोनों को सेवन स्टार टूर्नामेंट का दर्जा प्राप्त है।

श्रीधर विश्व चैम्पियनशिप से पहले तक देश के नम्बर दो खिलाड़ी थे लेकिन वे अब चेतन आनंद को पीछे छोड़कर देश के नम्बर वन एकल खिलाड़ी बन गए है। चेतन इस समय विश्व रैकिंग में 33वें स्थान पर है।

विश्व चैम्पियनशिप के प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुँचने वाली साइना नेहवाल 28वीं रैकिंग के साथ देश की शीर्ष एकल महिला खिलाड़ी है। श्रीधर के लिए अब अगला टूर्नामेंट इंडियन ओपन है, जो हैदराबाद में 5 से 9 सितम्बर तक खेला जाना है।